ई-बस सेवा योजना के तहत भोपाल पहुंची इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल रन सोमवार से शुरू होगा। पहले चरण में कोच फैक्ट्री से औबेदुल्लागंज रूट पर 10 ई-बसें बिना …और पढ़ें
HighLights
- भोपाल पहुंचे आधुनिक फीचर्स वाले 21 इलेक्ट्रिक बसें
- फुल चार्ज में तय करेंगे 180 किलोमीटर का सफर
- पैसेंजर काउंटिंग और पैनिक बटन जैसी सुविधाओं से लैस
भोपाल। ई-बस सेवा योजना के तहत भोपाल पहुंची इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल रन सोमवार से शुरू होगा। पहले चरण में कोच फैक्ट्री से औबेदुल्लागंज रूट पर 10 ई-बसें बिना यात्रियों के संचालित की जाएंगी। यह परीक्षण लगातार पांच दिन तक चलेगा।
दो चरणों में होगा इलेक्ट्रिक बसों का व्यवहारिक परीक्षण
इसके बाद दूसरे चरण में यात्रियों के साथ तीन रूटों पर बसों का संचालन कर व्यवहारिक परीक्षण किया जाएगा। यात्रियों के साथ होने वाले ट्रायल में कोच फैक्ट्री-औबेदुल्लागंज, फंदा-मंडीदीप और बैरागढ़-कटारा हिल्स रूट शामिल हैं।
इस दौरान बसों के चार्जिंग अंतराल, संचालन व्यवस्था, ब्रेकिंग सिस्टम, जीपीएस आधारित ट्रैकिंग और रूट की व्यवहारिकता का परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण सफल रहने के बाद नियमित संचालन शुरू किया जाएगा।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं पीएम ई-बसें
पीएम ई-बस सेवा के तहत राजधानी को कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं, जिनमें से 21 बसें भोपाल पहुंच चुकी हैं। इन बसों में पैसेंजर काउंटिंग सिस्टम, पैसेंजर इंफार्मेशन डिस्प्ले, डिजिटल टिकटिंग सिस्टम, जीपीएस ट्रैकिंग, पैनिक बटन, फायर अलार्म और अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
प्रत्येक बस पूर्णतः वातानुकूलित है और इसमें 25 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफार्म और आटोमेटिक गेट भी लगाए गए हैं। एक बार फुल चार्ज होने पर बस करीब 180 किलोमीटर तक चल सकेगी।
सोमवार से ई-बसों का तकनीकी ट्रायल शुरू किया जा रहा है। पहले चरण में बिना यात्रियों के सभी तकनीकी और परिचालन संबंधी मानकों का परीक्षण होगा। इसके बाद यात्रियों के साथ तीन रूटों पर ट्रायल कर नियमित संचालन की तैयारी पूरी की जाएगी।- अंजू अरुण कुमार, अपर आयुक्त, नगर निगम




