Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

जोधपुर का सर्राफा कारोबारी बनकर भोपाल के सुनार को ठगा, नकली सोने के बिस्कुट देकर ले गए 45 लाख के जेवर

 

आरोपितों ने पहले कारोबारी से संपर्क कर उसके ज्वैलरी डिजाइनों की तारीफ की और फिर रिफाइंड गोल्ड के बदले सोने के आभूषण लेने का प्रस्ताव दिया। विश्वास में …और पढ़ें

जोधपुर का सर्राफा कारोबारी बनकर भोपाल के सुनार को ठगा, नकली सोने के बिस्कुट देकर ले गए 45 लाख के जेवर

जोधपुर का सर्राफा कारोबारी बनकर भोपाल के सुनार को ठगा

HighLights

  1. 11 जून को फोन कर खुद को बताया राजस्थान का व्यापारी, 3 दिन तक की बात
  2. असली आभूषण लेकर भागा शातिर बदमाश, बदले में दिए सोने के नकली बिस्कुट
  3. कोतवाली थाना पुलिस ने दर्ज किया केस, मोबाइल लोकेशन और सीडीआर खंगाल रही टीम

 भोपाल। पुराने शहर के चौक बाजार स्थित एक सर्राफा कारोबारी को जोधपुर का ज्वैलर बनकर ठगों ने करीब 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। आरोपितों ने पहले कारोबारी से संपर्क कर उसके ज्वैलरी डिजाइनों की तारीफ की और फिर रिफाइंड गोल्ड के बदले सोने के आभूषण लेने का प्रस्ताव दिया। विश्वास में लेने के बाद ठग 300 ग्राम सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। बाद में जांच में उनके द्वारा दिए गए सोने के बिस्कुट नकली निकले।

तीन दिन पहले आया था ठग का फोन, हार के डिजाइन की तारीफ की

कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, चौक बाजार में गायत्री ज्वैलर्स संचालित करने वाले 53 वर्षीय सुनील बेलानी ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 11 जून को उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को राजस्थान के जोधपुर का सर्राफा कारोबारी बताया।

 

उसने कहा कि वह कुछ समय पहले भोपाल आया था और चौक बाजार स्थित उनकी दुकान पर भी गया था। बातचीत के दौरान उसने बेलानी के ज्वैलरी डिजाइनों, विशेषकर हारों की बनावट की प्रशंसा करते हुए व्यापारिक लेन-देन का प्रस्ताव रखा।

तीन दिन तक चला फोन पर बातचीत का सिलसिला

आरोपित ने दावा किया कि उसके पास रिफाइंड गोल्ड के बिस्कुट हैं और वह उनके बदले तैयार सोने के आभूषण लेना चाहता है। दोनों पक्षों के बीच करीब तीन दिन तक फोन पर बातचीत होती रही और इसी दौरान सौदा तय हो गया। शनिवार दोपहर आरोपित ने फोन कर बताया कि वह अपने एक व्यक्ति को सोने के बिस्कुट देकर भेज रहा है, जिसके बदले तय मात्रा में जेवर दे दिए जाएं।

300 ग्राम के कई हार पार्सल में दिए, बदले में मिले नकली सोने के बिस्कुट

सौदे के अनुसार, एक युवक चौक बाजार की एक गली में पहुंचा। सुनील बेलानी ने अपने कर्मचारी ज्ञानसिंह को वहां भेजकर सोने के कई हारों का पार्सल भिजवाया, जिनका वजन 300 ग्राम से अधिक था। युवक सोने के बिस्कुट देकर चला गया।

जब पार्सल दुकान पर लाकर बिस्कुटों की जांच की गई तो वे नकली निकले। तब तक आरोपित और उसका साथी संपर्क से बाहर हो चुके थे। एसआई गणेश लाल रावसे ने बताया कि शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल व लोकेशन खंगाली जा रही है। साथ ही कर्मचारी ज्ञानसिंह से भी पूछताछ की जा रही है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply