राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून से 22 जून तक पांच दिवसीय प्रवास पर मध्य प्रदेश में रहेंगी। इस दौरान वह इंदौर, बैतूल, खंडवा जिले के ओंकारेश्वर मंदिर, …और पढ़ें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 18 जून से 5 दिवसीय एमपी दौरा
HighLights
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 से 22 जून तक रहेंगी एमपी प्रवास पर
- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
- मंत्रियों को अगवानी और विदाई के लिए बनाया मिनिस्टर-इन-वेटिंग
भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून से 22 जून तक पांच दिवसीय प्रवास पर मध्य प्रदेश में रहेंगी। इस दौरान वह इंदौर, बैतूल, खंडवा जिले के ओंकारेश्वर मंदिर, जबलपुर, ग्वालियर और श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति की अगवानी और विदाई के लिए सरकार ने मंत्रियों को मिनिस्टर-इन-वेटिंग नामित किया है।
राष्ट्रपति का विस्तृत कार्यक्रम और दौरे का रूट
राष्ट्रपति गुरुवार 18 जून को इंदौर पहुंचेंगी। यहां से वह बैतूल में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित ‘एम्पॉवरमेंट ऑफ ट्राइबल सोसाइटी बाय स्पिरिचुअल अवेकनिंग’ कार्यक्रम में शामिल होंगी। साथ ही श्री ओंकारेश्वर पहुंचकर मंदिर में दर्शन एवं आरती में सम्मिलित होंगी।
यहां वह शुक्रवार 19 जून को अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर शनिवार 20 जून को जबलपुर पहुंचेंगी। यहां 21 जून रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के 36वें दीक्षांत समारोह में सहभागिता करेंगी। सोमवार 22 जून 2026 को कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करने बाद वह ग्वालियर से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
इन्हें बनाया मिनिस्टर-इन-वेटिंग
इंदौर में 18 जून को अगवानी के समय जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और 19 जून को विदाई के समय के लिए नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को मिनिस्टर-इन-वेटिंग बनाया है। बैतूल में 18 जून को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, खंडवा के ओंकारेश्वर में 18 एवं 19 जून को अगवानी एवं विदाई के समय संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, जबलपुर में 20 एवं 21 जून को उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा राष्ट्रपति की अगवानी एवं विदाई के समय उपस्थित रहेंगे।




