नगर निगम प्रशासन ने शासकीय कार्यों के लिए 50 इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को अपने बेड़े में शामिल करने और उनके संचालन हेतु 30 नए चार्जिंग प्वाइंट स्थापित क …और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो, इंटरनेट मीडिया से ली गई है।
HighLights
- भोपाल नगर निगम ने 50 इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने और 30 चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की
- पहले चरण में निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को इलेक्ट्रिक वाहन मिलेंगे, रखरखाव की जिम्मेदारी निजी एजेंसी की
- स्मार्ट सिटी 2500 ई-वाहनों का साझा बेड़ा और 70 चार्जिंग स्टेशन होंगे विकसित, लीज मॉडल पर मिलेगी सुविधा
भोपाल । नगर निगम के अधिकारी जल्द ही शासकीय कार्यों के लिए केवल इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करते हुए नजर आएंगे। इसके लिए निगम प्रशासन ने पहले चरण में 50 इलेक्ट्रिक वाहनों को अपने बेड़े में शामिल करने और उनके संचालन के लिए 30 नए चार्जिंग स्टेशन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ईवी वाहनों के लिए टेंडर जारी हो चुके हैं और जल्द ही वे निगम के बेड़े में शामिल हो जाएंगे। ऐसे में शासकीय कार्यों के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करने वाला भोपाल प्रदेश का पहला नगरीय निकाय बन जाएगा।
पहले चरण में वरिष्ठ अधिकारियों को मिलेंगे वाहन
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में आयुक्त, अपर आयुक्त, उपायुक्त और सहायक आयुक्त स्तर के अधिकारियों को इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। इन वाहनों के संचालन और रखरखाव के लिए निगम के परिवहन विभाग ने तीन वर्ष की अवधि का टेंडर जारी किया है। चयनित एजेंसी वाहनों की उपलब्धता, संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेगी।
अधिकारियों का कहना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों के निगम बेड़े में शामिल होने से पहले शहर के विभिन्न निगम कार्यालयों और प्रमुख स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से 30 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इससे वाहनों के संचालन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और चार्जिंग की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने पर जोर
यह पहल मध्य प्रदेश इलेक्ट्रिक व्हीकल नीति-2025 के तहत की जा रही है। 27 मार्च 2025 से लागू इस नीति में शासकीय संस्थाओं में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है। इसी के तहत नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सभी नगरीय निकायों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के निर्देश दिए हैं।
2500 ई-वाहनों का साझा बेड़ा तैयार करेगी स्मार्ट सिटी
भोपाल स्मार्ट सिटी विभिन्न शासकीय विभागों के लिए ईवी एग्रीगेटर के रूप में काम करेगी। इसके तहत करीब 2500 इलेक्ट्रिक वाहनों का साझा बेड़ा तैयार किया जाएगा, जिन्हें विभिन्न विभागों को लीज मॉडल पर उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना के तहत भोपाल स्मार्ट सिटी और बीसीएलएल शहर के प्रमुख प्रशासनिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में लगभग 70 चार्जिंग स्टेशन भी विकसित करेंगे। इससे विभागों को वाहन खरीदने की लंबी प्रक्रिया से राहत मिलेगी और वे आवश्यकता के अनुसार सीधे इलेक्ट्रिक वाहन प्राप्त कर सकेंगे।
शहर में विभिन्न स्थानों पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाए जाने हैं। इसके लिए हमने प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।- आशीष श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री, विद्युत शाखा, नगर निगम




