Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल में अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, एक ही दिन में 5 कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, ₹27.5 करोड़ की जमीन मुक्त

 

जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में पांच अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। …और पढ़ें

भोपाल में अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, एक ही दिन में 5 कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, ₹27.5 करोड़ की जमीन मुक्त

भोपाल में अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन

HighLights

  1. सेवनिया ओंकारा और डोबरा जागीर में पांच अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन की कार्रवाई
  2. 27.5 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग और निर्माण ध्वस्त
  3. बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

भोपाल। जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में पांच अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। राजस्व और प्रशासनिक अमले ने ग्राम सेवनिया ओंकारा और डोबरा जागीर में विकसित की जा रही कॉलोनियों में पहुंचकर सड़क, प्लाटिंग और अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। कार्रवाई की जद में करीब 27.5 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन आई है। हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया ने बताया कि बिना वैध अनुमति और कॉलोनाइजर लाइसेंस के विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन ने ग्राम सेवनिया ओंकारा स्थित स्वास्तिक विहार, प्रतिभा सिटी और निधिवन विहार कॉलोनी पर कार्रवाई की। स्वास्तिक विहार कॉलोनी लगभग 1.32 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जा रही थी, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत आठ करोड़ रुपये आंकी गई है। यहां महेश साहू और सुरेंद्र पवार द्वारा अवैध रूप से प्लाट काटे जाने की जानकारी सामने आई है।

 

इसी क्षेत्र में प्रतिभा सिटी कॉलोनी करीब 1.61 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जा रही थी, जिसका बाजार मूल्य लगभग 8.5 करोड़ रुपये बताया गया है। वहीं निधिवन विहार कॉलोनी में करीब छह करोड़ रुपये मूल्य की भूमि पर अवैध प्लाटिंग की गई थी। प्रशासन ने तीनों स्थानों पर पहुंचकर अवैध विकास कार्यों को हटाया।

डोबरा जागीर में भी चला बुलडोजर

अभियान के दूसरे चरण में ग्राम डोबरा जागीर स्थित तिरुपति धाम और गायत्री धाम कॉलोनी पर कार्रवाई की गई। तिरुपति धाम लगभग 0.80 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जा रही थी, जिसकी अनुमानित कीमत तीन करोड़ रुपये है। वहीं गायत्री धाम कॉलोनी में दो करोड़ रुपये मूल्य की भूमि पर बिना अनुमति प्लाटिंग किए जाने का मामला सामने आया है।

एसडीएम ने बताया कि दोनों कॉलोनियों में सड़क निर्माण, सीमांकन और प्लाट विकास से जुड़े कार्य नियमों के विपरीत किए जा रहे थे, जिन्हें तत्काल प्रभाव से हटाया गया है।

इनका कहना है

राजधानी और उसके आसपास के क्षेत्रों में तेजी से बढ़ती अवैध प्लाटिंग को रोकने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। कई कॉलोनाइजर बिना नगर एवं ग्राम निवेश, राजस्व और स्थानीय निकायों से आवश्यक अनुमतियां लिए प्लाट बेच रहे हैं, जिससे खरीदारों को भविष्य में मूलभूत सुविधाओं और वैधानिक अधिकारों के लिए परेशानी उठानी पड़ती है।

प्रियंक मिश्रा, कलेक्टर

फैक्ट फाइल

  • कुल अवैध कॉलोनियां : 5
  • कार्रवाई का क्षेत्र : सेवनिया ओंकारा और डोबरा जागीर
  • कुल प्रभावित भूमि : लगभग 5.15 हेक्टेयर
  • कुल अनुमानित बाजार मूल्य : 27.5 करोड़ रुपये
  • प्रमुख कॉलोनियां : स्वास्तिक विहार, प्रतिभा सिटी, निधिवन विहार, तिरुपति धाम, गायत्री धाम
  • कार्रवाई : अवैध प्लाटिंग, सड़क निर्माण एवं कॉलोनी विकास कार्य ध्वस्त
Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply