नीट की परीक्षा को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के दिल्ली में हुए प्रदर्शन के बाद अब मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने जेन-जी को साधने की कवायद शुरू की …और पढ़ें

एमपी में जेन-जी को साधने के लिए घर-घर जाकर छात्रों से संपर्क कर रही BJP (AI तस्वीर)
HighLights
- जेन-जी को साधने के लिए घर-घर जाकर छात्रों से संपर्क कर रही पार्टी
- पेपर लीक मामले में सरकार की ओर से स्थिति साफ कर रहे कार्यकर्ता
- बीजेपी की तरफ से मध्य प्रदेश के 100 छात्रों का हो चुका है सम्मान
भोपाल। नीट की परीक्षा को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के दिल्ली में हुए प्रदर्शन के बाद अब मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने जेन-जी को साधने की कवायद शुरू की है। भाजपा युवा मोर्चा नीट की तैयारी कर रहे छात्रों के घर-घर जाकर संपर्क कर रहा है। छात्रों को नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में सरकार की ओर से की गई कार्रवाई और प्रयासों से अवगत कराया जा रहा है।
पेपर लीक मामले में दोषियों पर कार्रवाई, एक निश्चित समय में पुन: परीक्षा आयोजित करने और छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए और बेहतर व्यवस्था करने जैसे तमाम प्रयास जेन-जी को बताए जा रहे हैं। अन्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों से भी संवाद कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। छात्रों से फीडबैक लेकर इसकी रिपोर्ट भी बनाई जा रही है। इससे केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा।
छात्रों के स्वजनों से भी किया जा रहा संवाद
नीट की तैयारी कर रहे छात्रों से बातचीत के जरिए उनकी नाराजगी दूर करने में जुटे भाजपा कार्यकर्ता छात्रों के साथ उनके स्वजनों से भी संवाद कर रहे हैं। नीट-2026 के छात्रों और उनके स्वजन से घर जाकर बात करके उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं और उनके सुझाव व अनुभव भी राष्ट्रीय नेतृत्व को बताए जाएंगे। इधर, महिला मोर्चा ने भी नीट छात्राओं से संवाद का कार्यक्रम बनाया है। मोर्चा पदाधिकारी छात्राओं व उनके स्वजनों से संवाद कर उनके सुझाव व अनुभव की पूरी रिपोर्ट बनाएंगे।
मप्र के 100 छात्रों का कर चुके हैं सम्मान
भारतीय जनता युवा मोर्चा के मध्य प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का कहना है कि युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने प्रदेशभर में हाल ही में नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके 100 छात्रों को उनके घर जाकर सम्मानित किया है। पिछले 10 दिन से लगातार नीट छात्रों से संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी युवाओं से संवाद किया जा रहा है।




