Blinkit LPG booking: इंदौर के बाद अब भोपाल में भी मंगलवार से 10 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी सिलिंडर की सुविधा शुरू हो गई है।

भोपाल में 10 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी सिलिंडर की शुरुआत(AI Generated Image)
HighLights
- भोपाल में शुरू हुई 10 किलो एफटीएल गैस सेवा
- ब्लिंकिट से बुकिंग, चार घंटे में होगी डिलीवरी
- सिक्योरिटी राशि 3,186 रुपए निर्धारित की गई
भोपाल। पढ़ाई, नौकरी या किसी नए सपने के साथ जब कोई अपने गांव या शहर से निकलकर भोपाल जैसे बड़े शहर में किराए के कमरे में रहने आता है, तो सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक रसोई की व्यवस्था होती है। कम लोगों के लिए बड़ा गैस सिलेंडर लेना अक्सर महंगा और असुविधाजनक साबित होता है। ऐसे लोगों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए अब भोपाल में 10 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की सुविधा शुरू की गई है।
तीन एजेंसियों से मिलेगी सुविधा
इंदौर के बाद अब मंगलवार से भोपाल में भी 10 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध होगा। फिलहाल यह सुविधा शहर की तीन गैस एजेंसियों होशंगाबाद रोड स्थित रघु गैस एजेंसी, अभिमन्यु गैस एजेंसी और टीटी नगर क्षेत्र की आरके डिस्ट्रीब्यूटर से शुरू की जा रही है।
ब्लिंकिट से बुकिंग, चार घंटे में डिलीवरी
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, उपभोक्ता ब्लिंकिट पर सिलिंडर की बुकिंग कर सकेंगे। ऑर्डर संबंधित गैस एजेंसी तक पहुंचने के बाद चार घंटे के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी कर दी जाएगी।
इतनी होगी कीमत
10 किलो एफटीएल सिलेंडर के लिए 3,186 रुपये की सिक्योरिटी राशि निर्धारित की गई है। एक सिलिंडर की रिफिलिंग का शुल्क 1,550 रुपये रखा गया है। नया कनेक्शन लेने के लिए केवल पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा।




