भोपाल। शहर में नए वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत के साथ ही बुधवार से प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त व रजिस्ट्री करवाना महंगा हो जाएगा। पंजीयन विभाग द्वार तैयार की गई कलेक्टर गाइडलाइन में 740 स्थानों पर एक प्रतिशत से लेकर 181 प्रतिशत तक प्रॉपर्टी की दरें बढ़ाई गई हैं। अब इन नई दरों पर ही मकान, दुकान, जमीन, प्लॉट आदि की रजिस्ट्री होगी, जिससे लोगों को बढ़ा हुआ शुल्क चुकाना होगा।
इनमें संत हिरदाराम नगर में 108 तो गोविंदपुरा इलाके में 181 प्रतिशत तक प्रॉपर्टी की दरें बढ़ाई गई हैं। इनमें संत हिरदारानगर की सीआरपी लाइन कॉलोनी, गोविंदुपरा के निर्मल सिटी, निशातपुरा सड़क,यशोदा नगर, मुर्गी बाजार, मालीपुरा, भोपाल टाकीज, बगलामुखी नगर, विजय लक्ष्मी होम सहित अन्य इलाके शामिल हैं, जहां पर 100 प्रतिशत से अधिक दरों में बढ़ोतरी की गई है। इन इलाकों में वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रॉपर्टी की दरों से कई गुना अधिक दरों पर रजिस्ट्रियां करवाई गई थी, जिनका सर्वे अधिकारियों ने संपदा सॉफ्टवेयर और सेटेलाइट तस्वीर के आधार पर किया था।
इसमें बताया गया था कि 10 साल पहले जिन इलाकों में कुछ ही निर्माण हुए थे, वहां पर अब बड़ी-बड़ी कॉलोनियां, इमारत, प्रोजेक्ट आदि विकसित हुए हैं। इनमें कोलार, नीलबड़, रातीबड़ सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। नगरीय सीमा पर महंगी हुई जमीन शहर की नगरीय सीमा पर बड़ी संख्या में जमीन की खरीद-फरोख्त की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनियों को विकसित कर लोगों ने मनमाने दामों पर प्लॉट बेचे हैं, जिनकी जमकर रजिस्ट्रियां भी हुई है।
यही कारण है कि इस बार सीमा पर स्थित भोपाल बायपास से लगे ग्रामीण व शहरी क्षेत्र, संत हिरदाराम नगर से सीहोर मार्ग, भोपाल बैरसिया मार्ग, करोंद से गांधीनगर, करोंद से अयोध्या नगर मार्ग, अरेरा कालोनी, नर्मदापुरम मार्ग, कोलार मार्ग, भानपुर से विदिशा मार्ग के इलाकों में प्रॉपर्टी की दरों में बढ़ोतरी की गई है।
इन स्थानों पर 50 से 90 प्रतिशत तक बढ़ोतरी
शहर में अधिकांश स्थानों पर 50 से 90 प्रतिशत तक प्रॉपर्टी की दरों में बढ़ोतरी की गई है। जिनमें रेतघाट से वीआईपी रोड,इब्राहिमगंज सड़क पर, कबाड़खाना रोड अंदर,सिटी सेंटर ,गौतम नगर सड़क पर,वर्धमान ग्रीन सिटी,मुरली नगर,अहाता मनकशा,अहाता सिकंदरकुली,पंचशील नगर,न्यू मार्केट अंदर,राजभवन से रोशनपुरा,भोज सेतु से रोशनपुरा,सेविनया गौंड,टोल वाली मस्जिद,चौकी बरखेड़ी,पतंजलि परिसर विनायक नगर, एयरोसिटी राजा भोज परियोजना,सीटीओ, कैलाश/पूजाश्री कालोनी,बेहटा और दामखेड़ा सहित अन्य इलाके शामिल हैं।
शहर में इन स्थानों पर प्रॉपर्टी की दरों में 100 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी
स्थान – पुरानी दरें (आ/व्या)- नई दरें (आ/व्या)- बढ़ोतरी प्रतिशत में
निर्मल सिटी- 6400/9600- 18000/27000 – 181/181
निशातपुरा सड़क -15000/30000 – 40000/80000 -166/166
मुर्गी बाजार -32000/48000 – 80000/110000- 150/129
भोपाल टाकीज से पुराना सेफिया – 30000/45000 – 72000/110000 -140/144
मालीपुरा – 25000/37500 – 60000/75000 – 140/100
समर ग्रीन – 6400/9600 – 16000/24000- 150/150
यशोदा नगर- 6400/9600- 16000/24000 -150/150
बगलामुखी नगर – 12800/19200 – 26900/40400 -110/110
विजय लक्ष्मी होम -9600/14400- 20000/30000- 108/108
सीआरपी लाइन कॉलोनी – 12,000/18000 – 25,000/ 36,000 – 108/100
नोट – प्रॉपर्टी की दरें वर्गमीटर में।




