Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल में गर्लफ्रेंड को घुमाने के शौक में बना चोर, डुप्लीकेट चाबी से कर रहा था मालिक की कार चोरी; पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा

 

भोपाल में गर्लफ्रेंड पर रौब जमाने के लिए खुद को कार डीलर बताने वाला एक युवक कार चोरी करते हुए पकड़ा गया।

 

भोपाल में गर्लफ्रेंड को घुमाने के शौक में बना चोर, डुप्लीकेट चाबी से कर रहा था मालिक की कार चोरी; पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा

गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने कार चुराते पकड़ा

HighLights

  1. छह महीने पहले बनवाई डुप्लीकेट चाबी
  2. बारिश में कार चोरी की कोशिश नाकाम
  3. दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला

भोपाल। गर्लफ्रेंड को कार में घुमाने और खुद को कार डीलर बताकर प्रभावित करने की चाह एक युवक को अपराध की राह पर ले गई। पेशे से ड्राइवर 28 वर्षीय अनिल मीणा ने अपने पूर्व मालिक की कार चोरी करने की योजना बनाई, लेकिन शनिवार तड़के तेज बारिश के बीच वारदात को अंजाम देने की कोशिश के दौरान पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। बागसेवनिया थाना पुलिस ने उसके साथी को भी गिरफ्तार कर दो कारें जब्त कर ली हैं।

पत्नी के जाने के बाद बनी नई दोस्ती

पुलिस के अनुसार अनिल मीणा कोकता बायपास क्षेत्र में रहकर ड्राइवरी करता है। करीब दो वर्ष पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान अशोका गार्डन क्षेत्र में रहने वाली एक युवती से हुई। पिछले पांच-छह महीने से दोनों के बीच प्रेम संबंध था।

 

प्रेमिका पर प्रभाव जमाने के लिए अनिल खुद को कार डीलर बताता था। उसे कार में घुमाने के लिए वह कभी अपने मालिक की कार ले जाता, तो कभी चार से पांच हजार रुपये खर्च कर किराये की कार लेकर पहुंचता था।

छह महीने पहले बनवाई थी डुप्लीकेट चाबी

लगातार बढ़ रहे खर्च से बचने के लिए अनिल ने करीब छह महीने पहले चोरी की योजना बनाई। वह नारायण नगर निवासी सुनील पांडे की बेटी की शादी में कुछ दिनों के लिए ड्राइवर था। इसी दौरान उसने कार की डुप्लीकेट चाबी बनवा ली। संदेह से बचने के लिए उसने तुरंत चोरी नहीं की और लंबे समय तक इंतजार करता रहा।

तेज बारिश में चोरी की कोशिश, पुलिस ने दबोचा

शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अनिल अपने दोस्त सुनील मेहरा के साथ किराये की कार से घूम रहा था। तेज बारिश के कारण उसने चोरी के लिए अनुकूल मौका समझा। दोनों नारायण नगर पहुंचे और डुप्लीकेट चाबी से कार का लॉक खोल लिया। कार स्टार्ट नहीं होने पर वे उसे धक्का देकर आगे ले गए और स्टार्ट करने का प्रयास करने लगे।

इसी दौरान गश्त पर तैनात बागसेवनिया थाना के आरक्षक राघवेंद्र यादव और रामप्रताप को दोनों संदिग्ध लगे। पूछताछ और सख्ती से जांच करने पर दोनों ने चोरी की योजना और वारदात स्वीकार कर ली।

दो कारें जब्त, दोनों आरोपित गिरफ्तार

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ कार चोरी का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान चोरी की कार और किराये की कार समेत दो कारें जब्त की गई हैं। पुलिस जांच में दोनों आरोपितों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply