हबीबगंज थाना क्षेत्र में एक युवक के शराब के नशे में धुत होने का फायदा उठाकर उसके दो दोस्तों ने घर घुसकर उसकी पत्नी से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर चाक …और पढ़ें

भोपाल में पति को शराब पिलाकर घर में घुसे दोस्त (AI Generated Image)
भोपाल। हबीबगंज थाना क्षेत्र में एक युवक के शराब के नशे में धुत होने का फायदा उठाकर उसके दो दोस्तों ने घर घुसकर उसकी पत्नी से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर चाकू घोंप दिया। बदमाश इतने पर नहीं रुके, वे महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। दोनों बदमाशों ने पहले अपने दोस्त को जमकर शराब पिलाई थी, फिर उसे घर में छोड़ने के बहाने वारदात कर दी।
हबीबगंज थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पार्टी के बाद बेसुध दोस्त को लेकर पहुंचे घर
एएसआई सुधाकर शर्मा ने बताया कि 30 वर्षीय युवक हबीबगंज थाना क्षेत्र में रहता है और एक बंगले पर सर्वेंट क्वार्टर में रहते हुए चौकीदारी करता है। मिसरोद स्थित जाटखेड़ी व मंडीदीप में रहने वाले दो बदमाशों से उसकी दोस्ती है।
शनिवार रात करीब दस बजे तीनों ने आरआरएल तिराहे पर जमकर शराब पार्टी की। दोनों दोस्तों ने युवक को खूब शराब पिलाई। फिर उसे छोड़ने के लिए बाइक से उसके घर ले गए।
विरोध करने पर पीठ में घोंपा चाकू, मंगलसूत्र लूटा
बेसुध हालत में युवक ने जैसे ही दरवाजा खटखटाया और पत्नी बाहर आई तो बदमाश मौके का फायदा उठाकर घर में घुस गए और महिला से छेड़छाड़ करने लगे। महिला ने दोनों का विरोध किया तो दुस्साहसी बदमाशों ने उसकी पीठ पर चाकू घोंप दिया। महिला ने शोर मचाना शुरू किया तो आरोपी तुरंत उसके गले से मंगलसूत्र झपटकर भाग निकले।
नशे में बाहर पड़ा रहा पति, बच्चे सोते रहे
करीब आठ से दस मिनट तक यह घटनाक्रम चलता रहा। इस दौरान पीड़िता के दो बच्चे घर में सो रहे थे, जबकि पति बाहर ही नशे की हालत में पड़ा था। उसने अगले दिन हबीबगंज थाने में शिकायत की। पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया गया है।




