एग्रसर इंडिया (AgrasarIndia) भोपाल डेस्क टीम
गुजरात के भावनगर जहरीली शराब कांड के तार मध्य प्रदेश से जुड़े: उज्जैन के तीन लोग आरोपित, जब्द शराब पेटियों पर आबकारी सील मिलने से मचा हड़कंप
भोपाल: मध्य प्रदेश में अवैध शराब के नेटवर्क की जड़ें कितनी गहरी हैं, इसका खुलासा शराबबंदी वाले राज्य गुजरात में हुए एक बड़े खुलासे से हुआ है। गुजरात के भावनगर जिले के घोंघा तालुका व आसपास के इलाकों में 16 से 18 अगस्त के बीच जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस मामले की जांच में जब परतें खुलीं, तो जहरीली शराब के निर्माण और सप्लाई के तार मध्य प्रदेश के उज्जैन से जुड़े पाए गए, जिसके बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
मुख्य बिंदु (Highlights)
-
उज्जैन के तीन लोग बनाए गए आरोपित: गुजरात पुलिस द्वारा इस मामले में कुल 21 लोगों को आरोपित बनाया गया है, जिनमें से तीन नाम उज्जैन के रईस रफीक अंसारी, जुबेर और अर्जुन सिंह गोहिल के हैं। इनमें से मुख्य आरोपित रईस रफीक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो भावनगर में रहकर अवैध शराब के निर्माण, फर्जी स्टीकर लगाने और सप्लाई का काम संभाल रहा था।
-
शराब पेटियों पर उज्जैन आबकारी की सील: मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गुजरात में जब्त की गई शराब की 28 पेटियों पर उज्जैन आबकारी विभाग की सील और मुहर मिलने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। इससे यह गंभीर सवाल उठ खड़ा हुआ है कि आबकारी विभाग की मुहर गुजरात तक कैसे पहुंची।
-
कांग्रेस का हमला: सागर जिले के बंडा में हुए शराबकांड के बाद अब भावनगर मामले में मध्य प्रदेश कनेक्शन सामने आने पर कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। तराना से कांग्रेस विधायक महेश परमार ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
मालवा और सीमावर्ती इलाकों से अवैध शराब की तस्करी
जांच में यह भी सामने आया है कि मध्य प्रदेश का मालवा क्षेत्र (विशेषकर धार, खरगोन, झाबुआ और आलीराजपुर) गुजरात की सीमा से सटा हुआ है, जो ‘ड्राई स्टेट’ (शराबबंदी वाले राज्य) में अवैध शराब की तस्करी का एक प्रमुख गलियारा माना जाता है। मध्य प्रदेश की डिस्टिलरी से अवैध रूप से शराब ट्रकों और गुप्त रास्तों के जरिए अहमदाबाद, बड़ौदा व अन्य जिलों में खपाई जाती है। इसके अलावा नीमच, मंदसौर और श्योपुर के रास्तों से राजस्थान में भी अवैध शराब की तस्करी की जाती है।
आबकारी विभाग का पक्ष: मध्य प्रदेश के आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना का कहना है कि गुजरात पुलिस ने उज्जैन से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, लेकिन जहरीली शराब के मध्य प्रदेश से सप्लाई किए जाने के अभी पुख्ता प्रमाण नहीं मिले हैं। आगे की जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




