mp-bord-pareeksha-ab-aur-mahangee-10
Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

MP बोर्ड परीक्षा अब और महंगी, 10वीं-12वीं की परीक्षा फीस में ₹300 की बढ़ोतरी, करीब 16 लाख छात्र होंगे प्रभावित

 

इस निर्णय के तहत 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को अब बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए 300 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। पहले यह शुल्क 1200 रुपय …और पढ़ें

HighLights

  1. एमपी बोर्ड का महंगाई का झटका
  2. स्वाध्यायी छात्रों को देने होंगे ₹1600
  3. डुप्लीकेट मार्कशीट की फीस दोगुनी

भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए परीक्षा और नामांकन सहित अन्य शुल्कों में वृद्धि कर दी है। इस निर्णय के तहत 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को अब बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए 300 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। पहले यह शुल्क 1200 रुपये था, जिसे बढ़ाकर 1500 रुपये किया गया है।

नामांकन शुल्क में 150 रुपये की वृद्धि की गई है। डुप्लीकेट अंकसूची सहित अन्य शुल्क भी बढ़ाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष प्रदेश में लगभग 16 लाख विद्यार्थी 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होते हैं। शुल्क वृद्धि से मंडल को करीब 54 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होने का अनुमान है।

 

बजट का अभाव मंडल की विवशता

मंडल के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शासन से किसी प्रकार का बजट नहीं मिलता है। बोर्ड परीक्षाओं के संचालन में प्रत्येक वर्ष लगभग 60 से 70 करोड़ रुपये खर्च होते हैं। अब परीक्षाएं तकनीक आधारित हैं। इसके साथ ही इस वर्ष मूल्यांकन कर्ताओं और पर्यवेक्षकों के मानदेय में 35 से 40 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। कर्मचारियों के वेतन में महंगाई भत्ता और सातवें वेतनमान में वृद्धि भी व्यय बढ़ने का प्रमुख कारण है।

संबल योजना पर 48 करोड़ का व्यय

मंडल के अधिकारियों के अनुसार, संबल योजना के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष लगभग चार लाख विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होते हैं। इन पर प्रति विद्यार्थी 1200 रुपये खर्च होता है, जिससे कुल 48 करोड़ रुपये का व्यय होता है। यह राशि शासन द्वारा मंडल को नहीं दी जाती, जिससे वित्तीय दबाव और बढ़ जाता है।

पहले भी हो चुकी है वृद्धि

मंडल ने इससे पहले 2018 और 2023 में भी शुल्क बढ़ाया था। वर्ष 2023 में परीक्षा शुल्क 900 रुपये से बढ़ाकर 1200 रुपये किया गया था। अब फिर से 1500 रुपये किए जाने से विद्यार्थियों पर आर्थिक दबाव और बढ़ गया है।

अब इतना लगेगा शुल्क

शुल्क का प्रकार (Type of Fee) पुराना शुल्क (Old Fee) नया शुल्क (New Fee)
परीक्षा शुल्क (नियमित विद्यार्थी) ₹1,200 ₹1,500
परीक्षा शुल्क (स्वाध्यायी/Private) ₹1,200 ₹1,600
नामांकन शुल्क (Enrollment Fee) ₹350 ₹500
10 वर्ष तक पुरानी डुप्लीकेट अंकसूची ₹500 ₹1,000
10 वर्ष से अधिक पुरानी डुप्लीकेट अंकसूची ₹600 ₹1,200
निजी स्कूलों की 10वीं की नवीन संबद्धता ₹20,000 ₹22,000
निजी स्कूलों की 12वीं की नवीन संबद्धता ₹27,000 ₹30,000
निजी स्कूलों की 10वीं का नवीनीकरण (Renewal) ₹6,000 ₹8,000
निजी स्कूलों की 12वीं का नवीनीकरण (Renewal) ₹8,000 ₹10,000

हाइटेक परीक्षा संपन्न कराने में व्यय अधिक होता है। इस कारण परीक्षा शुल्क बढ़ाया गया है, फिर भी कोशिश की गई है कि परीक्षार्थियों पर बहुत अधिक आर्थिक बोझ न पड़े। – बुद्धेश कुमार वैद्य, सचिव, माशिमं

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply