भोपाल। राजधानी सहित प्रदेश में हर साल की तरह इस साल भी खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीमों ने त्योहार के एक महीने पहले मावा, दूध, पनीर, मिठाई सहित अन्य खाद्य पदार्थों की जांच शुरू की। ऐसे में मिलावटखोर कारोबारियों ने पहले ही मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचकर लाभ कमा लिया, जबकि भोपाल में होली से पहले 250 नमूने लिए गए लेकिन कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अनुसार होली को देखते हुए प्रदेश में मिलावटी खाद्य पदार्थ के खिलाफ अभियान चलाकर दो फरवरी से एक मार्च तक टीमों ने 15 हजार 988 किलोग्राम खाद्य पदार्थ व अपद्रव्य जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 26 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
हजारों नमूनों की जांच और लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई
जबकि दो हजार 350 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए और एक हजार 646 नमूनों की चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में त्वरित जांच की गई। इनके अलावा मिलावटी खाद्य सामग्री में मिलावट मिलने पर 17 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस व पंजीयन निरस्त करते हुए 42 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं चलित खाद्य प्रयोगशाला द्वारा जांच के दौरान मिली 435 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट की गई है।

(होली से सिर्फ तीन दिन पहले खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने दुकानों का निरीक्षण कर नमूने लेकर जांच के लिए भेजे)
छोटे प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण
होली से पहले मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव भले ही दावा कर रहे हों कि टीम ने निरीक्षण कर नमूने लिए हैं लेकिन उनकी टीम 50 प्रतिशत तक भी निरीक्षण नहीं कर सकी है। एक महीने में सिर्फ सागर गैरे, शर्मा विष्णु, मामाजी जलेबी, आनंदम फैमिली रेस्टोरेंट, मां अन्नपूर्णा भोजनालय, आनंद, राजश्री, महेंद्र, महाकाल मावा भंडार, भोपाल डेयरी, न्यू कृष्णा डेयरी नादरा बस स्टैंड से पनीर, दही, मावा, घी, छप्पन भोग, गागर आदि का निरीक्षण किया है। जबकि शहर के बड़े-बड़े मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर न तो निरीक्षण किया गया है और न ही नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं।
27 क्विंटल मावा जब्त, लेकिन रिपोर्ट का पता नहीं
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की भोपाल टीम ने मावा, पनीर, दही, घी, सोयाबीन तेल, ड्राई फ्रूट्स, नमकीन, मिठाई, पनीर, तेल, मैदा, बेसन आदि खाद्य पदार्थ के करीब 246 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। जबकि 21 फरवरी को 27 क्विंटल मावा व पनीर मिलावट होने की आशंका के चलते जब्त किया गया था लेकिन इसके नमूने की जांच नहीं मिल सकी है। इससे यह पता नहीं चल सका है कि यह असली है या नकली।
भोपाल सहित पूरे प्रदेश में होली से पहले विशेष अभियान चलाते हुए मावा, मिठाई, पनीर सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। साथ ही चलित प्रयोगशाला द्वारा जांच कर 435 किलो दूषित सामग्री को नष्ट किया गया है। मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी है।- दिनेश श्रीवास्तव, नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन




