डामर व्यापारी के साथ 85.74 लाख रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है। …और पढ़ें

भोपाल के व्यापारी से 85.74 लाख की धोखाधड़ी( एआई फोटो)
HighLights
- एडवांस भुगतान लेने के बाद तीन साल तक नहीं भेजा डामर
- व्यापारी से 85.74 लाख रुपये लेकर टालते रहे आरोपित
- पुलिस ने मुंबई की कंपनी के तीन लोगों पर दर्ज किया केस
भोपाल। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक डामर व्यापारी के साथ 85.74 लाख रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुंबई की एक कंपनी ने एडवांस भुगतान लेने के बावजूद न तो माल की डिलिवरी की और न ही रकम वापस लौटाई। पुलिस ने जांच के बाद कंपनी के तीन पदाधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।
निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा के अनुसार संजीव नगर स्थित क्लासिक अपार्टमेंट निवासी निखिल गुप्ता डामर के व्यापारी हैं। वे अलग-अलग राज्यों से कच्चा डामर (बिटुमन) खरीदकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई का काम करते हैं।
बैंक खाते में ट्रांसफर किए थे पैसे
वर्ष 2023 में निखिल ने मुंबई की एक थोक डामर कंपनी से अनुबंध किया था। पूर्व में अच्छे व्यापारिक संबंध होने के कारण उन्होंने कंपनी के पंकज पटेल, अमीषा और दिनेश नागाजीभाई के भरोसे पर ऑनलाइन माध्यम से 85.74 लाख रुपये उनके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।
रकम मिलने के बाद भी कंपनी ने डामर की डिलिवरी नहीं की
रकम मिलने के बाद भी कंपनी ने डामर की डिलिवरी नहीं की। पीड़ित व्यापारी लगातार आरोपितों से संपर्क करता रहा, लेकिन हर बार जल्द माल भेजने का आश्वासन दिया जाता रहा। इस तरह करीब तीन साल बीत गए।
तीनों नामजद आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
करीब डेढ़ वर्ष पहले व्यापारी को अपने साथ हुई हेराफेरी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने निशातपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शुरुआती जांच और बैंक लेन-देन के रिकॉर्ड की पड़ताल के बाद शनिवार देर रात तीनों नामजद आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।




