ट्रांसपोर्ट कंपनी के जरिए पुणे से पटना भेजी जा रही कार को कंपनी के कर्मचारी ने निकालकर सड़कों पर जमकर दौड़ाया और उससे स्टंटबाजी कर रहा था। तभी एक राहग …और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयार की गई है।
HighLights
- पुणे से पटना पार्सल की जा रही कार को ट्रांसपोर्ट कर्मचारी ने निकालकर भोपाल में स्टंटबाजी की
- पॉलीटेक्निक चौराहे पर चलती कार से बाहर निकलकर करतब करने का वीडियो वायरल हुआ
- ट्रैफिक पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर कार जब्त की, श्यामला हिल्स थाने में मामला दर्ज
भोपाल। पुणे से पटना भेजी जा रही एक कार को ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी ने बीच रास्ते निकालकर भोपाल की सड़कों पर स्टंटबाजी शुरू कर दी। चलती कार से बाहर निकलकर खतरनाक करतब करते हुए उसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार जब्त कर ली।
चलती कार से बाहर निकलकर किया स्टंट
घटना गुरुवार देर रात की है। पुलिस के अनुसार एमएलबी कॉलेज की ओर से पॉलीटेक्निक चौराहे की तरफ जा रही कार का चालक चलती गाड़ी की ड्राइविंग सीट से बाहर निकलकर स्टंट कर रहा था। इसी दौरान एक राहगीर ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
वीडियो सामने आने के बाद यातायात पुलिस के सूबेदार जितेंद्र अटेरिया ने मामले का संज्ञान लिया। वाहन नंबर के आधार पर कार की पहचान की गई और उसकी लोकेशन ट्रेस कर ऐशबाग के जनता क्वार्टर क्षेत्र में घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया गया।
पकड़ा गया आरोपी 25 वर्षीय समीर, ऐशबाग की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का रहने वाला है, जो एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर है।
पुणे से पटना भेजी जा रही थी कार
पुलिस जांच में सामने आया कि कार रश्मि प्रिया नामक महिला के नाम पर पंजीकृत है। वाहन को ट्रांसपोर्ट के माध्यम से पुणे से पटना भेजा जा रहा था और वह भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर पहुंची थी। आरोप है कि आगे रवाना करने से पहले चालक कार को लेकर शहर में घूमने निकल गया और स्टंटबाजी करने लगा।
श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने सहित मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कार जब्त कर ली है।




