Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

स्वच्छ सर्वेक्षण में इंदौर-जबलपुर-भोपाल ने बचाई प्रदेश की साख,केंद्रीय सर्वेक्षण टीम भोपाल पहुंची,वार्डों और स्कूलों का करेगी निरीक्षण

 

भोपाल। स्वच्छ सर्वेक्षण में नागरिक सहभागिता को लेकर मध्य प्रदेश की तस्वीर दो हिस्सों में बंटी नजर आ रही है। एक ओर इंदौर, जबलपुर और भोपाल जैसे बड़े शहर लाखों नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने में सफल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के कई नगरीय निकायों में नागरिक फीडबैक की स्थिति बेहद खराब है।

इससे स्वच्छ सर्वेक्षण में मिलने वाले एक हजार अंकों पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

बुधवार दोपहर तक देशभर में 87.68 लाख नागरिक फीडबैक दर्ज किए गए, जिनमें मध्य प्रदेश 22.70 लाख फीडबैक के साथ देश में दूसरे स्थान पर है।

पहले स्थान पर उत्तर प्रदेश है, जहां 38 लाख से अधिक नागरिक फीडबैक दर्ज किए गए हैं।

सिर्फ चार शहर पार कर सके एक लाख का आंकड़ा

सिटीजन फीडबैक रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के 192 नगरीय निकायों में केवल इंदौर, जबलपुर, भोपाल और उज्जैन ही एक लाख से अधिक नागरिक फीडबैक जुटा सके हैं।

इसके विपरीत 66 नगरीय निकाय ऐसे हैं, जो दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। वहीं 46 नगरीय निकायों में सिर्फ एक-एक नागरिक ने ही स्वच्छता एप पर प्रतिक्रिया दर्ज कराई है। इनमें अमरकंटक, दमोह, इटारसी, रेहटी, सिवनी और सीधी जैसे शहर शामिल हैं।

यह स्थिति तब है, जब नागरिक फीडबैक के लिए अंतिम 10 दिन शेष हैं।

1. सिटीजन फीडबैक में देश के राज्यों की स्थिति

क्र. राज्य का नाम प्राप्त फीडबैक (संख्या)
1 उत्तर प्रदेश 38.00 लाख
2 मध्य प्रदेश 22.69 लाख
3 गुजरात 11.47 लाख
4 बिहार 6.49 लाख
5 राजस्थान 3.85 लाख

2. सबसे अधिक फीडबैक देने वाले मध्य प्रदेश के टॉप 5 शहर

क्र. शहर का नाम प्राप्त फीडबैक (संख्या)
1 इंदौर 7.46 लाख
2 जबलपुर 3.43 लाख
3 भोपाल 2.55 लाख
4 उज्जैन 1.28 लाख
5 सागर 72 हजार

भोपाल में आज से केंद्रीय टीम का सर्वे

स्वच्छ सर्वेक्षण की जमीनी स्थिति जानने के लिए केंद्रीय सर्वेक्षण टीम बुधवार को भोपाल पहुंच गई। टीम गुरुवार से सर्वेक्षण शुरू करेगी और सबसे पहले बैरसिया क्षेत्र का निरीक्षण कर सकती है।

टीम शहर के 85 वार्डों और 40 स्कूलों में जाकर साफ-सफाई की स्थिति का मूल्यांकन करेगी। इसके अलावा नागरिकों से बातचीत कर स्वच्छता व्यवस्था का फीडबैक भी लिया जाएगा।

नगर निगम पिछले दो महीनों से सर्वेक्षण की तैयारियों में जुटा हुआ है। शहर की बैकलेन गलियों की सफाई, पेंटिंग और मुख्य मार्गों की सफाई पर विशेष फोकस किया गया है।

हमने अपने 10 प्रतिशत नागरिक प्रतिक्रिया के लक्ष्य को पूरा कर लिया है। अब जो फीडबैक हम दिला रहे हैं, वह बोनस हैं। नगर निगम शहरवासियों से स्वच्छ सर्वेक्षण में फीडबैक देने की अपील कर रहा है। शहर में लगातार साफ-सफाई भी की जा रही है। इसमें शहरवासियों का सहयोग भी मिल रहा है।- संस्कृति जैन, आयुक्त, नगर निगम

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply