भोपाल। स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर राजधानी भोपाल में तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय सर्वेक्षण टीम के सोमवार को शहर पहुंचने की संभावना है। इस बार सर्वे टीम पहली बार शहर के सभी 85 वार्डों में जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेगी, जिससे नगर निगम की व्यवस्थाएं पूरी तरह जांच के दायरे में आ गई हैं।
नगर निगम ने सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए शहर को आकर्षक बनाने के लिए करीब 60 हजार वर्गफीट क्षेत्र में 3डी पेंटिंग और स्क्रैप से तैयार कलाकृतियां लगाई हैं। इसके जरिए स्वच्छता का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।
हालांकि जमीनी स्तर पर कई स्थानों पर स्थिति अलग नजर आ रही है। शहर के कई हिस्सों में दीवारों पर स्वच्छता स्लोगन और पेंटिंग तो बना दी गई हैं, लेकिन उनके आसपास कचरे के ढेर अब भी पड़े हुए हैं। इससे निगम की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रमुख स्थानों की होगी जांच
सर्वेक्षण टीम पर्यटन स्थलों, फ्लाइओवर, सार्वजनिक दीवारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण करेगी। इसके अलावा शहर के करीब 40 स्कूलों में स्वच्छता जागरूकता और व्यवस्थाओं का भी मूल्यांकन किया जाएगा।
निगम ने दिए सख्त निर्देश
स्वच्छ सर्वेक्षण को देखते हुए नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने कचरा ट्रांसफर स्टेशनों की स्थिति सुधारने और मिश्रित कचरा संग्रहण पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे गीला और सूखा कचरा अलग-अलग दें, ताकि शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग मिल सके।




