ज्योतिषशास्त्र के अनुसार, शनि की इस उल्टी चाल के कारण देश की राजनीति, न्याय व्यवस्था, कृषि, श्रमजीवी वर्ग और मौसम में महत्वपूर्ण घटनाक्रम व हलचल देखने को मिल सकते हैं।
नए काम की जगह अटके काम होंगे पूरे
ज्योतिषाचार्य न्यूसी समैया के अनुसार, वर्तमान में शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं। वक्री होने के बाद उनका प्रभाव अत्यधिक सक्रिय हो जाता है।
इन क्षेत्रों पर रहेगा प्रभाव: शनि को कर्मफलदाता तथा न्याय व्यवस्था, श्रमजीवी वर्ग, कृषि, भूमि, खदान, कोयला, पेट्रोलियम, तेल और प्राकृतिक संसाधनों का कारक ग्रह माना गया है। इस अवधि में इन क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे देश में प्रमुखता से उभरेंगे।
समीक्षा का समय: वक्री शनि का यह काल नई योजनाएं शुरू करने के बजाय पुराने, अधूरे और लंबे समय से अटके कार्यों को पूरा करने, आत्ममंथन करने तथा अपने कर्मों की समीक्षा करने का माना जाता है।
इतिहास दोहराने के संकेत: 1996 में भी बदले थे राजनीतिक समीकरण
इससे पहले 19 जुलाई 1996 से 4 दिसंबर 1996 तक शनिदेव मीन राशि में वक्री रहे थे। उस दौरान भारतीय राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव देखे गए थे।
-कांग्रेस के लंबे समय से चले आ रहे एकछत्र वर्चस्व को चुनौती मिली थी।
-गठबंधन राजनीति को मजबूती मिली थी और भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर मुख्य राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरी थी।
-संयुक्त मोर्चा सरकार के गठन के साथ क्षेत्रीय दलों की भूमिका निर्णायक बनी थी।
ज्योतिषाचार्यों का आकलन है कि इस बार भी 138 दिनों की इस वक्री अवधि में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर कई बड़े और अप्रत्याशित घटनाक्रम सामने आ सकते हैं।
राजनीति, न्यायपालिका और मौसम का मिजाज
राजनीति व संसद: इस अवधि में संसद में गतिरोध, विपक्ष के बड़े आंदोलन और श्रमिक वर्ग से जुड़े मुद्दे गरमा सकते हैं।
न्यायपालिका व नीति: न्यायपालिका की कार्यप्रणाली और बड़े फैसलों पर देशभर में व्यापक चर्चा हो सकती है। शिक्षा व न्याय व्यवस्था से जुड़े दूरगामी निर्णय सामने आ सकते हैं।
मौसम का असर: तटीय क्षेत्रों में आंधी-तूफान, असमय बारिश या प्राकृतिक हलचल की आशंका बनी रहेगी।
12 राशियों पर वक्री शनि का प्रभाव
| प्रभाव | प्रभावित राशियां | ज्योतिषीय सलाह / योग |
| अटके कार्य होंगे पूरे | मकर, कुंभ | लंबे समय से रुके कार्यों में सफलता मिलेगी। कोर्ट-कचहरी के मामलों में सकारात्मक प्रगति के योग हैं। |
| साढ़ेसाती का प्रभाव | मीन, मेष, कुंभ | धैर्य और संयम बनाए रखें। अनावश्यक विवादों, जल्दबाजी और जोखिम भरे फैसलों से बचें। |
| स्वास्थ्य में सावधानी | वृषभ, कन्या, धनु, मीन | स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं परेशान कर सकती हैं। मीन राशि के स्वामी गुरु के अस्त होने से इन्हें विशेष सतर्कता बरतनी होगी। |
वक्री शनि के दौरान करें ये अचूक उपाय
ज्योतिषीय दृष्टिकोण से शनि के प्रभाव को शुभ और अनुकूल बनाए रखने के लिए निम्नलिखित उपाय करने की सलाह दी गई है।
मंत्र जप: शनिवार को “ॐ शं शनैश्चराय नम:” मंत्र का 108 बार जाप करें।
दीपदान व जल अर्पण: पीपल और शमी के वृक्ष पर जल अर्पित करें तथा सरसों के तेल का दीपक जलाएं।
छाया दान: सरसों के तेल में अपना प्रतिबिंब देखकर छाया दान करें और तेल किसी शनि मंदिर या जरूरतमंद को दें।
सामग्री दान: शनिवार के दिन काली उड़द, काले तिल, लोहे की वस्तुएं और काले वस्त्र का दान करें।
पाठ व पूजन: हनुमान चालीसा या शिव चालीसा का नियमित पाठ करें। शनिवार को शिवलिंग पर काले तिल व शमी पत्र चढ़ाएं।
मानव सेवा: गरीबों, श्रमिकों, कर्मचारियों और बुजुर्गों का सम्मान करें तथा यथासंभव उनकी मदद करें।




