Bhopal Crypto Scam: जालसाजों ने 10 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर फर्जी प्लेटफॉर्म के जरिए रकम ऐंठ ली। …और पढ़ें

भोपाल में क्रिप्टो निवेश के नाम पर बड़ी ठगी (AI Generate Image)
HighLights
- फर्जी वेबसाइट से बढ़ाया गया भरोसा और निवेश
- वेबसाइट बंद होते ही जालसाजों से संपर्क खत्म
- पुलिस ने साइबर गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज
भोपाल: राजधानी के मिसरोद इलाके में रहने वाले एक यूपीएससी अभ्यर्थी (UPSC Aspiratens Crypto Scam) के साथ क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 53 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने 10 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर छात्र को अपने जाल में फंसा लिया।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए शुरू हुआ संपर्क
मिसरोद थाना पुलिस के अनुसार भगवान परिसर निवासी प्रखर दुबे (25), जो मूल रूप से नरसिंहपुर जिले के ग्राम हीरापुर भठेरा के रहने वाले हैं, भोपाल में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। 28 अक्टूबर 2025 को उन्हें एक ऑनलाइन साइट के माध्यम से क्रिप्टो निवेश की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने बताए गए प्लेटफॉर्म पर डीमैट अकाउंट खुलवाया।
शुरुआत में दिखाया गया मुनाफा, बढ़ा भरोसा
जालसाजों ने मैसेज और ऑनलाइन माध्यम से लगातार निवेश के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में वेबसाइट पर निवेश पर मुनाफा दिखाया गया, जिससे प्रखर का भरोसा बढ़ गया। इसी विश्वास में उन्होंने 21 नवंबर 2025 तक अलग-अलग समय पर आरटीजीएस और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 53 लाख 10 हजार रुपये जमा कर दिए।
वेबसाइट बंद, संपर्क टूटने पर खुली सच्चाई
बड़ी रकम जमा होने के बाद अचानक कंपनी की वेबसाइट बंद हो गई और जालसाजों से संपर्क भी टूट गया। जब रकम वापस नहीं मिली और कोई जवाब नहीं आया, तब छात्र को ठगी का अहसास हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
प्रखर दुबे ने ई-एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों और संबंधित साइबर गिरोह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है।




