Census 2027: भोपाल में जनगणना 2027 के तहत 1 से 30 मई 2026 तक कर्मचारियों के अवकाश (Holidays Ban) पर प्रतिबंध रहेगा। …और पढ़ें

Census 2027 Update: भोपाल में जनगणना के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय (AI Generated Image)
HighLights
- 1 से 30 मई तक जनगणना कार्य अनिवार्य रहेगा
- जनगणना में लगे कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध
- मालथौन में कंट्रोल रूम सुबह 10 से शाम 6 बजे
भोपाल। जनगणना 2027 (Census 2027) के तहत राजधानी में मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से किया जाएगा। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी की ओर से जारी ऑर्डर में इस अवधि के दौरान कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश (Leave Ban) पर प्रतिबंध लगाया गया है। केवल विशेष परिस्थितियों में ही कलेक्टर की अनुमति से अवकाश स्वीकृत किया जाएगा।
सख्ती से पालन के निर्देश
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस आदेश का कड़ाई से पालन किया जाए। जनगणना कार्य को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सक्रिय रूप से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
मालथौन में कंट्रोल रूम स्थापित
सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देशन में तहसीलदार कार्यालय मालथौन की ओर से जनगणना के प्रथम चरण के सुचारु संचालन के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम 1 मई से 30 मई 2026 तक कार्य करेगा और प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेगा।
नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी
जनगणना कार्य के संचालन के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें राजेश वर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सत्येन्द्र कुमार तिवारी और लेखपाल सिंह सिसोदिया को कंट्रोल रूम प्रभारी एवं नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा श्रेयांश राय, यश तोमर, विकास रजक और सत्यम दुबे को भी नोडल अधिकारियों के रूप में कार्य सौंपा गया है।
समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
तहसीलदार ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन समयसीमा के भीतर सुनिश्चित करें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।




