अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र के वल्लभ नगर में 19 वर्षीय युवक ने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयार की गई है।
HighLights
- अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र के वल्लभ नगर में 19 वर्षीय युवक ने घर में फंदे से लटककर जान दे दी
- पुलिस के अनुसार करीब आठ महीने पहले युवक के पिता की भी फांसी लगने से मौत हुई थी
- घटना के समय मां काम पर गई थीं और छोटा भाई बाहर खेल रहा था
भोपाल। नियति का क्रूर खेल और बेबसी जब किसी हंसते-खेलते परिवार पर टूटती है, तो पीछे सिर्फ चीखें और कभी न भरने वाले जख्म छोड़ जाती है। राजधानी भोपाल के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र के वल्लभ नगर में एक ऐसा ही दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया है।
यहाँ एक 19 वर्षीय युवक आकाश गौतम ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। महज आठ महीने के भीतर परिवार में यह दूसरी खुदकुशी है, जिसने एक हंसते-खेलते कुनबे को पूरी तरह उजाड़ दिया। पिता के बाद अब जवान बेटे की मौत से बेसहारा मां पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा है कि सांत्वना देने पहुंचे पड़ोसियों की आंखें भी नम हो गईं।
8 महीने पहले उठा था पिता का साया, मां कर रही थी भरण-पोषण
अरेरा हिल्स पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वल्लभ नगर क्रमांक-2 में रहने वाला आकाश गौतम (19) फिलहाल बेरोजगार था। परिवार अभी अपने सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहा था, क्योंकि करीब 8 महीने पहले ही आकाश के पिता सुभाष गौतम ने भी अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी।
पति की अचानक मौत के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी मां के कंधों पर आ गई थी। वह दूसरों के घरों में बर्तन-चौका और साफ-सफाई का काम करके किसी तरह दोनों बेटों का पेट पाल रही थीं और घर चला रही थीं।
सूना घर और खौफनाक कदम
गुरुवार की दोपहर भी रोजमर्रा की तरह मां अपने काम पर गई हुई थीं। घर में आकाश अकेला था, जबकि उसका छोटा भाई बाहर बच्चों के साथ खेल रहा था। दोपहर में जाने आकाश के मन में बेबसी, तन्हाई या पिता को खोने का कैसा दर्द जागा कि उसने घर के टीन शेड के लोहे के पाइप से मां के दुपट्टे का फंदा बनाया और उस पर झूल गया।
जब छोटा भाई खेल कर घर लौटा और मां काम से वापस आईं, तो सामने का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हुए और तुरंत अरेरा हिल्स थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भिजवाया।
नहीं मिला कोई सुसाइड नोट, जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी के अनुसार, घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई है, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्राथमिक दृष्टि से मामला पिता की मौत के बाद उपजे अवसाद, आर्थिक तंगी और बेरोजगारी से जुड़ा नजर आ रहा है। मर्ग कायम कर पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्मघाती कदम उठाने की सही वजह सामने आ सके।




