Bhopal में नगर निगम का नया आठ मंजिला ‘अटल भवन’ शुरू होगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव इसका लोकार्पण करेंगे। नीमच के सोलर प्लांट का शुभारंभ भी होगा। …और पढ़ें

आठ मंजिला नए मुख्यालय भवन का लोकार्पण गुरुवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे। (फाइल फोटो)
HighLights
- तुलसी नगर में नया आठ मंजिला निगम मुख्यालय तैयार हुआ।
- मुख्यमंत्री मोहन यादव गुरुवार को भवन का लोकार्पण करेंगे।
- अटल भवन में निगम के कई विभाग एकसाथ संचालित होंगे।
भोपाल। राजधानी में नगर निगम अब बिखरे हुए दफ्तरों की व्यवस्था से बाहर निकलकर एक ही आधुनिक भवन से संचालित होगा। लिंक रोड नंबर-दो स्थित तुलसी नगर में तैयार आठ मंजिला नए मुख्यालय भवन का लोकार्पण गुरुवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे।
करीब 44 करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन को ‘अटल भवन’ नाम दिया गया है। इसके साथ ही नीमच में स्थापित 10.5 मेगावाट क्षमता के सोलर प्लांट का भी शुभारंभ किया जाएगा।
10 जगहों पर बिखरे दफ्तर अब एक छत के नीचे
अब तक नगर निगम के कार्यालय माता मंदिर, पीएचई दफ्तर, आइएसबीटी, स्मार्ट सिटी कार्यालय, न्यू मार्केट, श्यामला हिल्स, शाहपुरा और फतेहगढ़ सहित शहर के 10 अलग-अलग स्थानों पर संचालित हो रहे थे। नए मुख्यालय के शुरू होने से निगम के अधिकांश विभाग एक ही परिसर में कार्य करेंगे, जिससे आम नागरिकों को सुविधाएं मिलेंगी।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा मुख्यालय
भवन के भू-तल पर विवाह पंजीयन, भवन अनुज्ञा, स्मार्ट सिटी और कर संबंधी काउंटर बनाए गए हैं। पहली मंजिल पर महापौर, निगम परिषद अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और परिषद कार्यालय के साथ कॉन्फ्रेंस हॉल रहेगा। नगर निगम आयुक्त का कार्यालय भवन की आठवीं मंजिल पर बनाया गया है।
बड़े नेताओं की मौजूदगी में होगा लोकार्पण
लोकार्पण कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री Kailash Vijayvargiya, मंत्री Vishvas Sarang, प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, राज्यमंत्री कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा और महापौर मालती राय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
नीमच के सोलर प्लांट का भी शुभारंभ
नगर निगम ने नीमच जिले की धमपुरा तहसील में 10.5 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया है। करीब 45 करोड़ रुपये की इस परियोजना में निगम ने 14 करोड़ रुपये निवेश किए हैं, जबकि शेष राशि निजी कंपनी द्वारा लगाई गई है। गाजियाबाद की टेक्नोसिस कंपनी के साथ 25 वर्षों का अनुबंध किया गया है। इस परियोजना से ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।




