इंदौर-भोपाल हाईवे पर आटो में बैठ रही एक महिला सुरक्षाकर्मी को ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। आटो चालक और अन्य सवारियों को चोट लगी है …और पढ़ें
HighLights
- ड्यूटी पर जा रही महिला सुरक्षाकर्मी की हाईवे पर दर्दनाक मौत
- ऑटो में बैठते समय पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
- हादसे के बाद चालक ट्रक सहित फरार, तीन अन्य घायल
भोपाल। रोज की तरह बुधवार सुबह भी अंगूरी बाई सोनी घर से ड्यूटी के लिए निकली थीं। उन्हें क्या पता था कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। इंदौर-भोपाल हाईवे पर ऑटो में बैठते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें ऐसी टक्कर मारी कि मौके पर ही जिंदगी की जंग हार गईं। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के अनुसार इंदिरा कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय अंगूरी बाई सोनी टीबी अस्पताल में सुरक्षाकर्मी के रूप में कार्यरत थीं। बुधवार सुबह करीब छह बजे वे ड्यूटी के लिए निकली थीं। खजूरी सड़क इलाके में उन्होंने एक सवारी ऑटो रोका और उसमें बैठने लगीं। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
पलभर में उजड़ गई जिंदगी
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गंभीर रूप से घायल अंगूरी बाई को तुरंत चिरायु अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना दर्दनाक था कि आसपास मौजूद लोग सहम गए। सुबह-सुबह सड़क पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
दर्शन कर लौट रहे दंपती भी घायल
हादसे में ऑटो चालक फजल पिता मोहम्मद इशाक के अलावा खड़क सिंह और उनकी पत्नी रामबाई भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दंपती कुबरेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे।
टक्कर मारकर भागा चालक
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। खजूरी सड़क थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक की पहचान करने में जुटी है।




