भोपाल। भोपाल और आसपास के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्रा मांग और ट्रेनों में लगातार बढ़ रही वेटिंग को देखते हुए रेलवे ने पुणे से गोरखपुर के बीच प्रतिदिन समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 15 मई से शुरू होगी और पश्चिम मध्य रेलवे के इटारसी, रानी कमलापति और बीना स्टेशन पर रुकेगी। इससे भोपाल, विदिशा, सीहोर, इटारसी और आसपास के यात्रियों को उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की यात्रा में राहत मिलेगी।
ये रहेगा टाइम टेबल और संचालन की अवधि
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 01415 पुणे-गोरखपुर समर स्पेशल ट्रेन 15 मई से 15 जुलाई तक प्रतिदिन चलेगी। ट्रेन सुबह 6:50 बजे पुणे से रवाना होगी और रात 9:10 बजे इटारसी, रात 11:15 बजे रानी कमलापति स्टेशन तथा अगले दिन रात 1:25 बजे बीना पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन अगले दिन शाम 4 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 01416 गोरखपुर-हड़पसर (पुणे) समर स्पेशल 16 मई से 16 जुलाई तक चलेगी। यह ट्रेन शाम 5:30 बजे गोरखपुर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8 बजे बीना, 10:30 बजे रानी कमलापति और दोपहर 12:10 बजे इटारसी पहुंचेगी। इसके बाद तीसरे दिन सुबह 3:15 बजे हड़पसर (पुणे) पहुंचेगी।
प्रमुख हाल्ट और कोच की जानकारी
रास्ते में यह गाड़ी दोनों दिशाओं में दौंड कार्ड लाइन, अहिल्यानगर जंक्शन (अहमदनगर), कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, खण्डवा, इटारसी, रानी कमलापति, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर सेन्ट्रल, लखनऊ, गोंडा एवं बस्ती स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में सेकंड एसी, एसी थर्ड, स्लीपर और सामान्य श्रेणी सहित कुल 18 कोच रहेंगे।
सुगम होगी गर्मी की छुट्टियां
रेलवे का कहना है कि इससे यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में मदद मिलेगी और गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रा आसान होगी। यात्रियों को ट्रेन की टाइमिंग और सीट उपलब्धता की जानकारी रेलवे की वेबसाइट, NTES और हेल्पलाइन 139 से मिल सकेगी।




