bhopal-ko-milne-ja-rahi-hai-bad
Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल को मिलने जा रही है बड़ी सौगात, अगले सप्ताह पीएम ई-बस सेवा का होगा ट्रायल रन, 15 अगस्त के बाद शुरू हो सकती है सेवा

 

शुरुआत में 100 इलेक्ट्रिक बसें 10 प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी। पहले चरण में मिलने वाली 100 इलेक्ट्रिक बसें 20-20 की खेप में आएंगी, जिनमें से 10 बसें…और पढ़ें

HighLights

  1. भोपाल से सीहोर, मंडीदीप और भोजपुर जाना होगा आसान
  2. जल्द दौड़ेंगी PM ई-बसें, अगले हफ्ते से शुरू होगा ट्रायल रन
  3. 15 अगस्त के बाद शुरू हो सकती है इंटर-सिटी ई-बस सेवा

भोपाल। राजधानी का सार्वजनिक परिवहन अब शहर की सीमा तक सीमित नहीं रहेगा। पीएम ई-बस सेवा के जरिए जल्द ही भोपाल से सीहोर, मंडीदीप, औबेदुल्लागंज, भोजपुर, बिलकिसगंज और आसपास के अन्य क्षेत्रों तक इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी।

पहले चरण की 10 इलेक्ट्रिक बसें भोपाल पहुंच चुकी हैं और फिलहाल बैरागढ़ स्थित ई-बस डिपो में खड़ी हैं। नगर निगम और भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) अगले सप्ताह इन्हीं में से दो बसों के साथ ट्रायल रन करेगा। ट्रायल सफल रहने पर 15 अगस्त के बाद चरणबद्ध तरीके से यात्रियों के लिए सेवा शुरू की जा सकती है।

 

आसपास के शहरों से कनेक्टिविटी और पहला हाइटेक डिपो

शुरुआत में 100 इलेक्ट्रिक बसें 10 प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी। पहले चरण में मिलने वाली 100 इलेक्ट्रिक बसें 20-20 की खेप में आएंगी, जिनमें से 10 बसें आ चुकी हैं। इनमें भोपाल के साथ मंडीदीप, सीहोर, औबेदुल्लागंज, भोजपुर और बिलकिसगंज जैसे आसपास के शहरों और कस्बों को भी जोड़ा जाएगा। अधिकारियों का अनुमान है कि इससे प्रतिदिन 80 हजार से अधिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

बैरागढ़ स्थित शहर का पहला हाइटेक ई-बस डिपो भी लगभग तैयार हो चुका है। यहां चार्जिंग स्टेशन, कंट्रोल रूम, पार्किंग और मेंटेनेंस सहित अधिकांश व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं। फिलहाल अंतिम तकनीकी परीक्षण किए जा रहे हैं। आगे चलकर परियोजना के तहत कुल 250 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा, जिनके लिए 26 रूट चिह्नित किए गए हैं। शेष 150 ई-बसें 2027 में आएंगी। हालांकि, अभी ट्रायल रन के लिए रूट फाइनल नहीं हो सका है। इसके लिए चर्चा की जा रही है कि किस रूट पर ट्रायल रन किया जाए।

ई-बस की खासियतें और सुरक्षा मानक

एक बार चार्ज होने पर 180 किमी चलेगी ई-बस जानकारी के अनुसार, प्रत्येक ई-बस एक बार चार्ज होने पर लगभग 180 किलोमीटर तक चलेगी। इनमें 25+1 सीटों की व्यवस्था होगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, जीपीएस ट्रैकिंग, आईटीएमएस, फायर अलार्म और पैनिक बटन लगाए गए हैं। साथ ही डिजिटल टिकटिंग और कंट्रोल रूम से रियल टाइम मानिटरिंग की सुविधा भी रहेगी।

पहले चरण के लिए प्रस्तावित 10 प्रमुख रूट और दूरी

  • सीहोर से रातापानी – 68.5 किमी
  • फंदा से मंडीदीप – 65.3 किमी
  • बिलखिरिया से सीहोर – 61.5 किमी
  • परवलिया सड़क से औबेदुल्लागंज – 56.8 किमी
  • सीहोर से कटारा बायपास – 53.7 किमी
  • अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय (आरआरएल कैंप) से बरखेड़ा – 50.6 किमी
  • सूखी सेवनिया से भोजपुर – 49 किमी
  • अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र से बिलकिसगंज – 41.8 किमी
  • कोच फैक्ट्री से औबेदुल्लागंज – 41.8 किमी
  • अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र से बीडीए कालोनी – 32 किमी

पहले चरण की 10 इलेक्ट्रिक बसें भोपाल पहुंच चुकी हैं। अगले सप्ताह दो बसों के साथ ट्रायल रन किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि सभी तैयारियां पूरी कर जल्द से जल्द यात्रियों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल ई-बस सेवा उपलब्ध कराई जाए। – अंजू अरुण कुमार, सीईओ, बीसीएलएल

एक नजर में मुख्य आंकड़े (फैक्ट फाइल)

  • 100 ई-बसों से होगी शुरुआत।
  • 20-20 बसों की खेप में होगी सप्लाई।
  • 15 जुलाई के बाद ट्रायल रन।
  • 15 अगस्त के बाद शुरू हो सकती है सेवा।
  • 180 किमी तक चलेगी एक चार्ज में।
  • 80 हजार यात्रियों को रोज मिलेगा फायदा।
  • 10 रूट से होगी शुरुआत।
  • 250 इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा होगा 2027 तक।
  • 26 रूट पर चलाने की योजना।
Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply