भोपाल। शहर में रुक-रुककर हुई बौछारों और हल्की से मध्यम बारिश ने शहर की मौसमी तस्वीर बदल दी है। चार महीने के मानसूनी सीजन के कुल 42 इंच औसत कोटा के मुकाबले अब तक शहर में करीब 21 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, यानी सीजन का आधा कोटा पूरा हो चुका है।
राहत की बात यह है कि भोपाल शहर और जिले में बारिश का आंकड़ा सामान्य से आगे चल रहा है। इससे बड़े तालाब समेत शहर के अन्य जलाशयों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है, साथ ही भूजल स्तर और फसलों को भी संजीवनी मिली है। शनिवार को भी शहर में रुक-रुककर बौछारें पड़ती रहीं और रात तक एयरपोर्ट मौसम केंद्र पर 2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
जिले में सामान्य से 1.8 इंच अधिक पानी बरसा
भोपाल जिले में अब तक कुल 17.6 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो इस अवधि के सामान्य आंकड़े (15.8 इंच) से करीब 1.8 इंच अधिक है। लगातार हो रही हल्की बारिश के कारण दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, एकमुश्त तेज बारिश के बजाय रुक-रुककर हो रही हल्की बारिश से जलभराव की स्थिति कम बनती है और पानी का बड़ा हिस्सा जमीन के भीतर समा जाता है, जो भूजल स्तर सुधारने में मददगार साबित हो रहा है।
तीन सिस्टम सक्रिय: अगले 2-3 दिन छाए रहेंगे बादल
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश के आसपास तीन प्रमुख मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं:
1. दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के पास लो-प्रेशर एरिया
2. बंगाल की खाड़ी के पास बना लो-प्रेशर एरिया
3. सक्रिय मानसून ट्रफ
बंगाल की खाड़ी वाला सिस्टम अगले 48 घंटों में और मजबूत होकर ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के रास्ते पूर्वी मध्य प्रदेश तक पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से रविवार से पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, भोपाल में अगले दो से तीन दिनों तक बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और बौछारें पड़ने का दौर जारी रहेगा।
मध्य प्रदेश की स्थिति: प्रदेश में अब तक 13% कम बारिश
प्रदेश की कुल बारिश: 13.1 इंच (सामान्य से 13% कम)
सामान्य से कम बारिश वाले जिले: 39 जिले (कुल 52 में से)
सामान्य या उससे अधिक बारिश वाले जिले: 13 जिले
सबसे अधिक बढ़त: देवास: (+38%)
सबसे बड़ा घाटा अलीराजपुर: (-66%)
रविवार के लिए भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, सतना से लेकर मुरैना तक के क्षेत्रों में भारी बारिश होने के आसार हैं।




