Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

पत्नियां बनीं पति की कातिल! मध्य प्रदेश में 6 महीने में 15 से ज्यादा पतियों की हत्या

 

डिजिटल डेस्क। मध्य प्रदेश में पति-पत्नी के रिश्तों से जुड़े हत्या के मामलों में लगातार बढ़ रहे हैं। बीते छह महीनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से ऐसे 15 से अधिक मामले सामने आए हैं, जिनमें पुलिस जांच के बाद पत्नियों पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कराने के आरोप लगे हैं।

कहीं हत्या के लिए सुपारी दी गई, कहीं गला घोंटकर हत्या की गई, तो कहीं वारदात को सड़क हादसा या गुमशुदगी का रूप देने की कोशिश हुई। हाल के रीवा, पन्ना और नरसिंहपुर के मामलों ने एक बार फिर पत्नियों के हत्यारा होने की प्रवृत्ति को चर्चा में ला दिया है।

 

सवाल यह है कि आखिर रिश्तों में ऐसा क्या बदल रहा है कि वैवाहिक विवाद कई बार हत्या जैसी वारदात तक पहुंच रहे हैं।

रीवा, पन्ना और नरसिंहपुर के मामलों ने बढ़ाई चिंता…

naidunia_image

  • 10 जुलाई को रीवा के टीकरगांव में पुलिस ने सतना निवासी विपिन यादव का शव खेत से बरामद किया। जांच में पुलिस ने दावा किया कि हत्या की साजिश उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर रची थी।
  • इससे पहले 1 जुलाई को पन्ना जिले में संजय मिश्रा का शव निर्माणाधीन पुल के नीचे मिला था। शुरुआती जांच में मामला सामान्य मौत जैसा लगा, लेकिन बाद में पुलिस जांच में हत्या की बात सामने आई। इस मामले में भी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को आरोपी बनाया गया।
  • 30 जून को नरसिंहपुर में हाईवे किनारे मिले तुलसीराम के शव की जांच में भी पुलिस ने पत्नी और उसके कथित प्रेमी के होने का दावा किया। इन तीनों मामलों ने कम समय में सामने आकर प्रदेशभर में चर्चा छेड़ दी।

धार के मसाला कारोबारी की हत्या

naidunia_image

धार के मसाला कारोबारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या को पहले लूटपाट की वारदात बताया गया था। बाद में पुलिस जांच में पत्नी प्रियंका को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया। पुलिस के अनुसार, प्रियंका अपने पति देवकृष्ण को पसंद नहीं करती थी। वो उसके काले रंग पर ताना मारती थी। उसका कमलेश पुरोहित से प्रेम संबंध था। दोनों ने हत्या के लिए 1 लाख रुपये की सुपारी देकर शूटर बुलाए। वारदात वाली रात घर का दरवाजा खुला छोड़ने का आरोप भी पुलिस ने लगाया।

इंदौर के कारोबारी की मौत को माना गया सड़क हादसा

इंदौर के राऊ क्षेत्र में कारोबारी नवीन पाटीदार की मौत को पहले सड़क हादसा माना गया। पोस्टमार्टम में गोली लगने की पुष्टि होने के बाद हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, पत्नी भारती पाटीदार और उसके प्रेमी राहुल उइके सहित सात लोगों ने 15 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई। घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया।

मंदसौर के धनराज नाथ के शव के कर दिए थे टुकड़े-टुकड़े

उज्जैन के उन्हेल में किसान भारत सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी सोनाकुंवर और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया। मंदसौर के भानपुरा में धनराज नाथ हत्याकांड में पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या के बाद शव के टुकड़े कर सबूत मिटाने के आरोप लगे।

हत्या के तरीके भी बदल रहे

पुलिस जांच में सामने आए मामलों में हत्या के तरीके भी अलग-अलग रहे। कहीं जहर देकर हत्या की गई, कहीं गला घोंटा गया, कहीं पत्थर और धारदार हथियारों का इस्तेमाल हुआ, तो कुछ मामलों में पेशेवर शूटरों को सुपारी देकर हत्या कराई गई। कई वारदातों में शव छिपाने, जलाने या घटना को दुर्घटना और गुमशुदगी का रूप देने की भी कोशिश की गई।

हर घटना को पूरे समाज से जोड़ना उचित नहीं

मनोचिकित्सकों का कहना है कि महिलाओं में बढ़ती जागरूकता और आत्मनिर्भरता समाज के लिए सकारात्मक बदलाव हैं। हालांकि, किसी भी वर्ग की तरह कुछ व्यक्तियों में नकारात्मक प्रवृत्तियां हो सकती हैं। रिश्तों में लंबे समय तक तनाव, आपसी अविश्वास, गुस्सा, स्वार्थ, मानसिक विकार या नशे की लत जैसी स्थितियां कई बार अपराध को जन्म देती हैं।

सामाजिक दबाव भी एक वजह

  • विशेषज्ञों के अनुसार कई दंपती असफल विवाह से बाहर निकलना चाहते हैं, लेकिन तलाक की लंबी कानूनी प्रक्रिया, पारिवारिक दबाव और सामाजिक बदनामी के डर से रिश्ते निभाते रहते हैं। ऐसे में विवाहेतर संबंध बनने पर कई बार विवाद गहराता जाता है।
  • हालांकि विवाहेतर संबंध अब आपराधिक अपराध नहीं हैं, लेकिन सामाजिक और नैतिक स्तर पर उन्हें आज भी स्वीकार्य नहीं किया गया है। जब संवाद पूरी तरह खत्म हो जाता है और विवाद बढ़ते जाते हैं, तब कुछ मामलों में लोग कानून का रास्ता छोड़कर हिंसा का सहारा लेने लगते हैं।
Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply