Publisher: Agrasar India | News Desk
स्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश
भोपाल: राजधानी भोपाल में अवैध विदेशी शराब के एक बड़े और संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए आबकारी विभाग ने इस साल की सबसे बड़ी और हाइप्रोफाइल कार्रवाई की है। आबकारी टीम ने फर्जी खरीदार (डिकॉय ग्राहक) बनकर और ‘8 पेटी’ महंगी शराब का ऑर्डर देकर तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान 4 लग्जरी कारों और ठिकानों से लगभग 750 बोतल (546 बल्क लीटर) प्रीमियम इंपोर्टेड विदेशी शराब जब्त की गई है। तस्कर यह महंगी शराब हरियाणा, आगरा और ग्वालियर के रास्ते भोपाल लाते थे। पुलिस व आबकारी टीम ने गिरोह के सरगना राहुल यादव, उसकी पत्नी प्रीति और सहयोगी चंचल साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य सहयोगी फरार है।
डिकॉय ऑपरेशन: 8 पेटी का ऑर्डर देकर ऐसे बिछाया जाल
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि 8 महीने पहले 98 पेटी शराब के साथ जेल जा चुका कुख्यात तस्कर राहुल यादव जमानत पर छूटते ही फिर से तस्करी में सक्रिय हो गया है।
-
अधिकारियों ने दिए 8 पेटी के ऑर्डर: करीब 20 दिनों की गोपनीय निगरानी के बाद आबकारी विभाग के दो अधिकारियों ने ग्राहक बनकर राहुल को 8 पेटी शराब का ऑर्डर दिया।
-
गांधीनगर में घेराबंदी: मंगलवार को जैसे ही राहुल गांधीनगर स्थित पंचवटी कॉलोनी में कार से डिलीवरी देने पहुंचा, सादे कपड़ों में तैनात टीम ने उसे धर दबोचा। उसकी कार से 81 बल्क लीटर शराब मिली।
-
त्रिलंगा स्थित घर पर छापा: इसके बाद टीम उसे त्रिलंगा (विकास कुंज) स्थित उसके घर ले गई, जहाँ खड़ी 3 चार पहिया वाहनों से 411 बल्क लीटर शराब बरामद हुई। वहीं सहयोगी चंचल साहू के घर से 54 बल्क लीटर शराब मिली।
प्रीमियम और इंटरनेशनल ब्रांड्स का स्टॉक
जांच में सामने आया कि यह गिरोह केवल बेहद महंगे और अंतरराष्ट्रीय स्तर के ब्रांड्स की सप्लाई करता था। जब्त की गई शराब में शामिल मुख्य ब्रांड्स:
-
स्कॉच व व्हिस्की: जॉनी वॉकर (रेड लेबल, गोल्ड लेबल, डबल ब्लैक), ग्लेनफिडिच (Glenfiddich), द सिंगलटन (The Singleton), जैमसन (Jameson)।
-
वोदका व जिन: बॉम्बे सफायर (Bombay Sapphire), ग्रे गूज (Grey Goose), स्मिरनॉफ (Smirnoff) और मैजिक मोमेंट्स।
ये शराब स्कॉटलैंड, इंग्लैंड, आयरलैंड, फ्रांस और रूस जैसे देशों से इंपोर्टेड श्रेणी की हैं।
1 महीने पहले जेल से छूटा और फिर शुरू किया धंधा
आबकारी अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपी राहुल यादव को 8 महीने पहले भी 98 पेटी शराब के साथ पकड़ा गया था। उस समय उसकी मां भी तस्करी में शामिल थी। वह करीब एक महीने पहले ही जमानत पर छूटा था और आते ही उसने फिर से हरियाणा और यूपी के रास्तों से महंगी शराब की खेप भोपाल मंगवाना शुरू कर दिया था।
आबकारी अधिकारी का बयान
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ और कंट्रोलर आरजी भदौरिया ने बताया कि तस्करों से पूछताछ में कई बड़े सुराग मिले हैं, जिससे प्रदेश स्तर के बड़े शराब सिंडिकेट का खुलासा होने की उम्मीद है।
एक अन्य कार्रवाई में देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
आबकारी कंट्रोलर आरजी भदौरिया ने बताया कि इसी दौरान एक अन्य कार्रवाई में बरखेड़ी इलाके से अनिकेत शाक्य नामक आरोपी को दो पहिया वाहन पर 6 पेटी अवैध देशी शराब ले जाते हुए गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




