भोपाल के कटारा हिल्स स्थित आदिवासी कन्या छात्रावास में 17 वर्षीय छात्रा दर्शन निनामा मृत मिली।

कटारा हिल्स आदिवासी कन्या छात्रावास में छात्रा की मौत (मृतका की फाइल फोटो)
HighLights
- भोपाल छात्रावास में 17 वर्षीय छात्रा मृत मिली
- छात्रा 12वीं के साथ जेईई की तैयारी कर रही थी
- घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ
भोपाल। भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित आदिवासी कन्या छात्रावास में सोमवार को 17 वर्षीय छात्रा दर्शन निनामा मृत मिली। वह मूल रूप से आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर (भाभरा) के ग्राम खेरिया माली की रहने वाली थी। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) भोपाल की मर्चुरी में रखा गया है।
12वीं के साथ जेईई की कर रही थी तैयारी
कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे के अनुसार, दर्शन निनामा अनंत हायर सेकंडरी स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। वह एक कोचिंग संस्थान से जेईई प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी कर रही थी। सितंबर 2025 से वह कटारा हिल्स स्थित आदिवासी कन्या छात्रावास में रह रही थी। संयोगवश सोमवार को ही उसका जन्मदिन भी था।
जन्मदिन मनाने पहुंचीं सहेलियों को मिला बंद कमरा
सोमवार शाम करीब 5:30 बजे दर्शन कोचिंग से लौटकर अपने कमरे में गई थी। उसकी रूममेट मनीषा नरगावा पिछले 20 दिनों से अपने गांव छुट्टी पर होने के कारण कमरे में नहीं थी। शाम करीब छह बजे छात्रावास की अन्य छात्राएं उसका जन्मदिन मनाने के लिए कमरे पर पहुंचीं। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद जब कमरा खुला तो छात्रा मृत मिली।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भोपाल भेज दिया। स्वजन के आने के बाद मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले के कारणों की जांच कर रही है और छात्रा की सहेलियों व अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ करेगी।




