एग्रसर इंडिया (AgrasarIndia) भोपाल डेस्क टीम
भोपाल में राजनीतिक सरगर्मी तेज: ओवैसी के बाद अब हिंदू उत्सव समिति ने मांगी तेलंगाना के विधायक टी. राजा की सभा की अनुमति
भोपाल: राजधानी भोपाल में एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम के बाद राजनीतिक गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। अब हिंदू उत्सव समिति ने आक्रामक रुख अपनाते हुए तेलंगाना के फायरब्रांड विधायक टी. राजा सिंह की सभा भोपाल में आयोजित करने के लिए पुलिस प्रशासन से अनुमति मांगी है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने इस संबंध में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से औपचारिक मुलाकात की है।
मुख्य बिंदु (Highlights)
-
सभा के लिए इन मैदानों की मांग: हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि शहर के प्रमुख स्थलों—इकबाल मैदान, अग्रसेन चौक या सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान—में से किसी एक स्थान पर टी. राजा की सभा आयोजित करने की अनुमति मांगी गई है।
-
ओवैसी के कार्यक्रम का दिया हवाला: समिति का तर्क है कि जब राजधानी में असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम को सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में अनुमति दी जा सकती है, तो समान नियमों और प्रशासनिक समानता के तहत टी. राजा की सभा के लिए भी अनुमति मिलना चाहिए।
-
मई में रद्द हुई थी सभा: उल्लेखनीय है कि इससे पहले 31 मई को भोपाल के गांधीनगर में टी. राजा की धर्मसभा प्रस्तावित थी, जिसे पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के कारणों का हवाला देते हुए अनुमति नहीं दी थी। उस दौरान इसे लेकर काफी विवाद हुआ था और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर तलैया थाने में एफआईआर भी दर्ज की गई थी।




