भोपाल। जिले में एलपीजी गैस सिलिंडरों की आपूर्ति में बरती जा रही अनियमितता व कालाबाजारी रोकने के लिए शनिवार से विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर एडीएम ने आदेश जारी किए हैं कि सभी एसडीएम, तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्र में संचालित गैस एजेंसियों की विभिन्न बिंदुओं पर सघन जांच करेंगे।
एडीएम सुमित कुमार पांडे ने बताया कि जिले के विभिन्न इलाकों में एलपीजी गैस सिलिंडरों की आपूर्ति में अनियमितता, निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने व सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की निरंतर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है।
इसकी वजह से कलेक्टर ने विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत एसडीएम, तहसीलदार गैस एजेंसियों की जांच करेंगे। एजेंसियों पर नियमों का उल्लंघन मिलने पर प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान इन बिंदुओं पर होगी जांच
मूल्य सूची व प्रदर्शन- क्या एजेंसी के सूचना पटल पर दैनिक स्टाक की स्थिति और गैस की निर्धारित दरें (घरेलू/व्यावसायिक) स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हैं?
वजन व गुणवत्ता- वितरण के लिए उपलब्ध सिलिंडरों का तौल इलेक्ट्रानिक कांटे पर कराकर यह सुनिश्चित करें कि उनमें गैस की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप है।
अवैध संग्रहण व कालाबाजारी- एजेंसी के भौतिक स्टाक और आनलाइन पोर्टल पर दर्ज स्टाक का मिलान करना, ताकि अवैध भंडारण की पुष्टि हो सके।
अतिरिक्त शुल्क की वसूली- क्या उपभोक्ताओं से होम डिलीवरी के नाम पर निर्धारित राशि से अधिक रुपये वसूले जा रहे हैं?
रिफिलिंग व दुरुपयोग- व्यावसायिक सिलिंडरों के स्थान पर घरेलू सिलिंडरों के उपयोग और अवैध रिफिलिंग पर अंकुश लगाना।




