भोपाल। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण प्रभावित हुई एलपीजी गैस आपूर्ति में सुधार नहीं हो पा रहा है। मध्य प्रदेश में एलपीजी बुकिंग और आपूर्ति व्यवस्था अब तक सुधर नहीं सकी है। भोपाल में इंडेन एलपीजी के उपभोक्ताओं को सिलिंडर के लिए खासी परेशानी उठानी पड़ रही है।
हालात यह हैं कि इंडेन का सर्वर शुक्रवार को ठप हो गया और उपभोक्ताओं की भीड़ एजेंसियों पर लगी रही। इसकी जानकारी खाद्य विभाग को दी गई, जिससे टीमें एजेंसी पर पहुंची और संचालकों से बातचीत कर उपभोक्ताओं को बताया गया कि सर्वर की समस्या होने के कारण आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ऐसे में उनको घर पर ही सिलिंडर की आपूर्ति कर दी जाएगी, इससे अधिकांश उपभोक्ता वापस लौट गए।
हजारों उपभोक्ता कतार में, एजेंसियों पर हंगामा
जानकारी के अनुसार जिले में घरेलू एलपीजी सिलिंडर के करीब साढ़े पांच लाख उपभोक्ता और इंडेन, भारत व एचपी की 40 गैस एजेंसी हैं। इनमें से सबसे अधिक इंडेन के साढ़े तीन लाख उपभोक्ता व करीब 26 एजेंसी हैं, ऐसे में इंडेन की आपूर्ति व्यवस्था नहीं सुधर पा रही है। हालात यह हैं कि अब भी इंडेन के करीब 20 हजार उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल सके हैं, इस वजह से उपभोक्ता सुबह छह बजे से एजेंसियों पर सिलिंडर लेकर कतार में खड़े हो जाते हैं। यही हाल शुक्रवार को अयोध्यानगर स्थित सैनी, गांधीनगर स्थित प्रियंका सहित अन्य इंडेन एजेंसियों पर बनी हुई थी।

(गोविंदपुरा भेल मैदान में सिलिंडर से भरा खड़ा वाहन)
खाद्य विभाग और पुलिस के हस्तक्षेप से शांत हुआ मामला
उपभोक्ता कतार में सिलिंडर लेने के लिए लगे हुए थे लेकिन सर्वर ठप हो जाने से आपूर्ति व्यवस्था चौपट हो गई। एजेंसी संचालकों ने सर्वर ठप होने से सिलिंडर बाद में देने की बात कही लेकिन उपभोक्ता नहीं माने और हंगामा खड़ा हो गया। इससे संचालकों ने पुलिस व खाद्य विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग की टीम प्रियंका गैस एजेंसी पर पहुंची और उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि सिलिंडर की घर पर आपूर्ति करवा दी जाएगी। तब जाकर उपभोक्ता माने और वापस लौट गए थे।
इन गैस एजेंसियों पर सबसे अधिक समस्या
इंडेन की प्रियंका, राय, सैनी, हेप्पी गैस एजेंसियों पर सबसे अधिक समस्या बनी हुई हैं। इनमें से किसी के पास 10 तो किसी के पास 30 हजार से अधिक घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं। सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं की बुकिंग हो रही है लेकिन आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
इसके पीछे कारण सर्वर का ठप होना बताया जा रहा है, अधिकारियों का कहना है कि पिछले महीने जब एक दिन में एक लाख से अधिक बुकिंग हो गई थी तब इंडेन का सर्वर क्रैश हो गया था। इसके बाद शासन ने सर्वर सुधारने के लिए कंपनी को कहा था लेकिन सुधार नहीं हो सका है। यही कारण है कि जब भी बुकिंग का लोड बढ़ता है तो सर्वर ठप हो जाता है आपूर्ति थम जाती है।
1537 मीट्रिक टन गैस, 27 हजार को नहीं मिले सिलिंडर
जिले के भौंरी स्थित एलपीजी डिपो में करीब एक हजार 537 मीट्रिक टन गैस उपलब्ध हैं और करीब 27 हजार उपभोक्ताओं को अब भी सिलिंडर नहीं मिल सके हैं। जिले में हर दिन 450 मीट्रिक टन गैस की खपत होती है। सबसे अधिक समस्या इंडेन के उपभोक्ताओं को बनी हुई हैं उनको बुकिंग करने आठ से 10 दिन बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। यही कारण है कि वह सीधे गैस एजेंसी पर पहुंच रहे हैं और यहां भी उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। अब भी हर दिन करीब 14 से 15 हजार बुकिंग हो रही है और करीब आठ से 10 हजार सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है।
उपभोक्ता बोले समय पर नहीं मिल रहा सिलिंडर
- उपभोक्ता प्रमोद कुमार ने बताया कि उसने सैनी इंडेन पर 30 मार्च को सिलिंडर की बुकिंग की थी लेकिन चार दिन बाद भी सिलिंडर नहीं मिला। जब शुक्रवार को सिलिंडर के लिए लाइन में लगा तो सर्वर ठप हो गया, आखिर सिलिंडर नहीं मिल सका है।
- उपभोक्ता सुशील कुमार ने बताया कि सैनी इंडेन पर 23 मार्च को सिलिंडर की बुकिंग की थी। जिस पर ओटीपी, मैसेज प्राप्त हो गया था लेकिन सिलिंडर अब तक नहीं मिल सका है।
घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग व आपूर्ति व्यवस्था को नियमित बनाए रखने सभी एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं। गांधीनगर स्थित प्रियंका इंडेन एजेंसी पर शुक्रवार को सिलिंडर नहीं मिलने की शिकायत मिली थी। इससे टीम को भेजकर जांच करवाई गई तो सर्वर की समस्या थी, सभी उपभोक्ताओं को सर्वर शुरू होते ही आपूर्ति करवा दी जाएगी।- चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक




