प्रदेश की पहली 3.39 किलोमीटर लंबी भूमिगत ट्विन टनल बनाने के लिए भोपाल रेलवे स्टेशन के पास जमीन के 24 मीटर नीचे खोदाई का कार्य आधिकारिक रूप से शुरू हो …और पढ़ें
HighLights
- जमीन के नीचे दौड़ेगी भोपाल मेट्रो
- टीबीएम दुर्गावती ने संभाला मोर्चा
- 24 घंटे चलेगी टनल बोरिंग मशीन
भोपाल। राजधानी भोपाल में मेट्रो रेल परियोजना ने सोमवार को एक ऐतिहासिक मील का पत्थर पार कर लिया। प्रदेश की पहली 3.39 किलोमीटर लंबी भूमिगत ट्विन टनल बनाने के लिए भोपाल रेलवे स्टेशन के पास जमीन के 24 मीटर नीचे खोदाई का कार्य आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। इस चुनौतीपूर्ण कार्य के लिए अत्याधुनिक टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) दुर्गावती को विशेष लॉन्चिंग शाफ्ट के माध्यम से गहराई में उतारा गया। सोमवार शाम चार बजे टीबीएम दुर्गावती ने अपना काम शुरू किया।
टीबीएम अहिल्याबाई भी जल्द संभालेगी मोर्चा
परियोजना के अनुसार जब यह मशीन पहले 50 मीटर की खोदाई पूरी कर लेगी, तब दूसरी टीबीएम मशीन अहिल्याबाई भी जमीन के नीचे अपना काम शुरू कर देगी। पहले चरण में भोपाल रेलवे मेट्रो स्टेशन से पुल पातरा तक 400 मीटर की खोदाई की जानी है। जमीन के नीचे 24 घंटें चलेगी मशीन, रोजाना पांच से सात मीटर करेगी खोदाई। यह मशीनें सातों दिन और 24 घंटे लगातार काम करेंगी।
हालांकि टीबीएम की अधिकतम क्षमता एक दिन में 14 मीटर खोदाई की है, लेकिन सुरक्षा और सटीकता को ध्यान में रखते हुए वर्तमान में इसे 5 से 7 मीटर प्रतिदिन की रफ्तार पर रखा गया है। पहले चरण के इस काम को दो महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सुरक्षा और गुणवत्ता पर वरिष्ठ अधिकारियों का जोर
सुरक्षा और गुणवत्ता पर विशेष जोर। खोदाई की शुरुआत के दौरान मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एमपीएमआरसीएल), कल्पतरु प्रोजेक्ट इंटरनेशनल और जनरल कंसल्टेंट के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एमपी मेट्रो के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई दी। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि शहरी क्षेत्र में काम करते समय सुरक्षा मानकों और निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।




