Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल-इंदौर समेत 51 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, अगले 4 दिनों तक झमाझम वर्षा के आसार

 

भोपाल। गहरा अवदाब और दो ऊपरी हवा के चक्रवात सक्रिय होने के कारण मंगलवार को प्रदेश के दतिया, सतना, बैतूल, जबलपुर और धार सहित कई जिलों में वर्षा हुई। सबसे अधिक 24 मिलीमीटर वर्षा दतिया जिले के इंदरगढ़ में दर्ज की गई। भोपाल, इंदौर में भी हल्की बूंदाबांदी और बौछारें पड़ीं।

ज्यादातर जिलों में तेज वर्षा के आसार

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को रायसेन, नर्मदापुरम सहित ज्यादातर जिलों में तेज वर्षा के आसार हैं। मौसम विज्ञानी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है।

मानसूनी द्रोणिका राजस्थान के अनूपगढ़ और हमीरपुर से होते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। वहीं उत्तरी मध्य प्रदेश पर ऊपरी हवा का चक्रवात भी बना हुआ है।

51 जिलों में बारिश का अलर्ट

इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगले चार दिन प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। मौसम केंद्र ने बुधवार को रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट जिलों में भारी वर्षा का ऑरेंज एवं भोपाल, सीहोर व बैतूल सहित 46 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

उमस भरी गर्मी कर रही बेहाल

मंगलवार को दतिया में 14 मिलीमीटर, सतना में 10 मिलीमीटर, जबलपुर और धार में दो-दो मिलीमीटर, छिंदवाड़ा, पचमढ़ी व राजगढ़ में एक-एक मिलीमीटर, इंदौर में 0.8 मिलीमीटर और उज्जैन में 0.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

तेज वर्षा के बावजूद प्रदेश के कई जिलों में लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे। नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक है, जबकि सागर में तापमान 33.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply