भोपाल। सस्ते दाम पर सोने का बिस्कुट बेचने का झांसा देकर भोपाल के कुछ बेलदारों (कुआं खोदने वाले मजदूरों) ने सागर जिले के एक किसान से एक लाख रुपये की ठगी कर ली।
मामले का खुलासा होने के बाद सूखीसेवनिया पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
कुआं खोदाई के दौरान बनाई थी पहचान
पुलिस के अनुसार सागर जिले के गढ़कोटा थाना क्षेत्र स्थित खैरीनबादा गांव निवासी राजा चढ़ार (21) के खेत में परवलिया निवासी शाहरुख, मास्टर खान, असलम और एक अन्य शाहरुख कुआं खोदने का काम कर रहे थे।
इसी दौरान आरोपियों ने किसान को बताया कि कुआं खोदने के दौरान उन्हें सोने का बिस्कुट मिला है, जिसे वे कम कीमत पर बेचना चाहते हैं।
पहले असली टुकड़ा दिखाकर जीता भरोसा
आरोपियों ने किसान को विश्वास में लेने के लिए सोने का एक छोटा टुकड़ा जांचने के लिए दिया। जांच में वह असली निकला, जिससे किसान को उनकी बात पर भरोसा हो गया। इसके बाद किसान गुरुवार को भोपाल पहुंचा, जहां आरोपितों ने उसे सोने का नकली बिस्कुट देकर एक लाख रुपये ले लिए।




