भोपाल के नीलम पार्क में प्रदेशभर से आए छात्र-युवाओं ने नीट पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की न्यायिक जांच की मांग उठाई। नईदुनिया।
HighLights
- भोपाल के नीलम पार्क में जुटे प्रदेशभर से आए छात्र
- नीट पेपर लीक, बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन किया
- जंतर-मंतर पर पुलिस कार्रवाई की न्यायिक जांच की मांग
भोपाल। नीट पेपर लीक मामले में दिल्ली के जंतर-मंतर परप्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को राजधानी के जहांगीराबाद स्थित नीलम पार्क में छात्रों ने हुंकार भरी। मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लायमेंट के बैनर तले प्रदेशभर के करीब 20 जिलों से आए छात्र, युवा और नर्सिंग स्टूडेंट्स एकजुट हुए और सरकार को घेरा।
सबसे ज्यादा चर्चा ‘यह पेपर लीक नहीं, सिस्टम का लीकेज है’ वाले पोस्टर की रही। कुछ छात्र सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और चंद्रशेखर आजाद की तस्वीरें लेकर भी पहुंचे।
न्यायिक जांच की मांग
आंदोलन के संयोजक प्रमोद नामदेव ने कहा कि संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने आंसू गैस, वाटर कैनन और लाठीचार्ज किया। शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बर्बरता की गई। इसकी न्यायिक जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई हो। यहां पहुंचे मनोज रजक ने कहा कि मप्र में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक और नर्सिंग कालेज फर्जीवाड़े से युवाओं का भरोसा टूटा है।




