Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल में विवादित रास्ते पर बवाल; प्रोफेसर के कपड़े फाड़े, रिटायर्ड कमांडर और विंग कमांडर से भी की अभद्रता

 

रहवासियों का दावा है कि रास्ते का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है, जबकि पुलिस ने धक्का-मुक्की की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

भोपाल में विवादित रास्ते पर बवाल; प्रोफेसर के कपड़े फाड़े, रिटायर्ड कमांडर और विंग कमांडर से भी की अभद्रता

प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयार की गई है।

HighLights

  1. रक्षा विहार कॉलोनी और निजी कॉलोनी के विवादित रास्ते को लेकर दो पक्ष आमने-सामने
  2. प्रोफेसर विनीत कुमार शर्मा के साथ कथित मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप,एनसीआर दर्ज
  3. रहवासियों का दावा है कि रास्ते का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है, पुलिस ने कार्रवाई शुरू की

भोपाल। सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों के लिए बनाई गई रक्षा विहार कॉलोनी में एक रास्ते को लेकर रविवार को जमकर विवाद हो गया। आरोप है कि निजी कॉलोनी के लिए खोले गए रास्ते का विरोध करने पर कॉलोनी के रहवासियों के साथ मारपीट की गई।

इस दौरान आइसर के प्रोफेसर विनीत कुमार शर्मा के कपड़े फाड़ दिए गए और उनके साथ धक्का-मुक्की की गई।

कॉलोनी में रहते हैं पूर्व सैनिक

मामले में परवलिया पुलिस ने पूर्व सैन्य अधिकारी राममोहन सिंह सेंगर सहित अन्य लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है। इंदौर बायपास रोड स्थित रक्षा विहार कॉलोनी में बड़ी संख्या में सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी, जिनमें रिटायर्ड कर्नल, ब्रिगेडियर और अन्य रक्षा अधिकारी रहते हैं।

 

रहवासियों का आरोप है कि पूर्व सैन्य अधिकारी राममोहन सिंह सेंगर ने रक्षा विहार से सटी अपनी निजी कॉलोनी विकसित की है।

इसके लिए रक्षा विहार की ओर जाने वाले मार्ग को चौड़ा कर अपनी कॉलोनी के आवागमन के लिए खोल दिया गया, जबकि यह रास्ता विवादित है और मामला न्यायालय में लंबित है।

विवादित रास्ते का बोर्ड लगाया

रविवार को कॉलोनी के रहवासियों ने मौके पर “यह रास्ता विवादित है” का बोर्ड लगाया। आरोप है कि इसके बाद राममोहन सिंह सेंगर, उनके बेटे, रिश्तेदार और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और विरोध कर रहे लोगों से विवाद करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी मारपीट में बदल गई।

रहवासियों का आरोप है कि इस दौरान प्रोफेसर विनीत शर्मा के कपड़े फाड़ दिए गए और उनके साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे रिटायर्ड कमांडर अरविंद शुक्ला, पूर्व विंग कमांडर मनीष मिश्रा समेत अन्य रहवासियों के साथ भी अभद्रता की गई।

फरियादी प्रोफेसर विनीत शर्मा का कहना है कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों के करीब 50 लोग मौके पर मौजूद थे। उनका आरोप है कि विवादित रास्ते का उपयोग जबरन कराया जा रहा है, जबकि इस संबंध में न्यायालय में मामला लंबित है।

रास्ते के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और धक्का-मुक्की हुई थी। शिकायत के आधार पर संबंधित आरोपितों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर मामले का निराकरण किया गया।- हरिशंकर वर्मा, थाना प्रभारी, परवलिया

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply