Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल नगर निगम कमिश्नर ने उड़ती धूल देखी तो भड़क गईं; कंस्ट्रक्शन कंपनी पर ठोंका 50 हजार का जुर्माना

 

भोपाल। राजधानी भोपाल को देश में नंबर वन बनाने के लिए जहां एक-एक कोने को चमकाया जा रहा है, वहीं कुछ कंस्ट्रक्शन कंपनियां खुलेआम नियमों को हवा में उड़ाकर शहर की हवा बिगाड़ने में जुटी हैं।

ऐसा ही एक मामला टीटी नगर स्थित स्मार्ट सिटी एरिया में सामने आया, जहां बिना ग्रीन नेट लगाए धड़ल्ले से निर्माण कार्य किया जा रही था और हवा में धूल का गुबार उड़ रहा था।

गनीमत कहिए या लापरवाही का फेर, तभी वहां से नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन का काफिला गुजरा। उड़ती धूल और बिना ढकी कंस्ट्रक्शन साइट को देखते ही कमिश्नर का पारा चढ़ गया।

उन्होंने तुरंत गाड़ी रुकवाई और जोन-21 के अमले को ऑन-द-स्पॉट एक्शन के लिए वायरलेस घुमा दिया। मौके पर पहुंचे अमले ने बिना वक्त गंवाए ‘गिरीराज कंस्ट्रक्शन कंपनी’ के हाथ में 50 हजार रुपये के जुर्माने की रसीद थमा दी।

शहर में डेरा डाले हुए है स्वच्छता सर्वे की टीम

लापरवाही करने वाली कंस्ट्रक्शन कंपनी की टाइमिंग इस बार बेहद खराब रही। दरअसल, पिछले तीन दिनों से राजधानी भोपाल में स्वच्छता सर्वेक्षण की राष्ट्रीय टीम मौजूद है, जो शहर की साफ-सफाई और एयर क्वालिटी (वायु गुणवत्ता) का बारीक निरीक्षण कर रही है।

ऐसे नाजुक वक्त पर स्मार्ट सिटी जैसे वीआईपी इलाके में उड़ती धूल निगम की साख पर बट्टा लगा सकती थी। यही वजह रही कि निगम आयुक्त ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया और तत्काल भारी-भरकम जुर्माने की चोट की।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply