मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हवाई सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है। राजा भोज एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों को 1 अगस्त से दिल्ली और मुंबई …और पढ़ें

1 अगस्त से दिल्ली-मुंबई के लिए शुरू होंगी एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें (फाइल फोटो)
HighLights
- 1 अगस्त से दिल्ली-मुंबई के लिए शुरू होंगी एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें
- एयर इंडिया एक्सप्रेस शुरू करेगी नियमित परिचालन, बुकिंग प्रक्रिया भी हुई शुरू
- पहले की तरह एयर इंडिया ही करेगी मॉर्निंग सेक्टर का संचालन
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हवाई सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है। राजा भोज एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों को 1 अगस्त से दिल्ली और मुंबई के लिए नया विकल्प मिलने जा रहा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस भोपाल से अपना नियमित परिचालन शुरू करने जा रही है, जिसके तहत दिल्ली और मुंबई के लिए प्रतिदिन कुल छह उड़ानों का संचालन किया जाएगा।
यह बदलाव एयर इंडिया समूह के आंतरिक पुनर्गठन के तहत किया जा रहा है। इसके तहत भोपाल से संचालित होने वाली एयर इंडिया की अधिकांश घरेलू उड़ानें अब एयर इंडिया एक्सप्रेस के बेड़े में शामिल हो जाएंगी। हालांकि, दिल्ली-भोपाल-दिल्ली सेक्टर की सुबह की लोकप्रिय उड़ान (फ्लाइट संख्या एआई-1705/एआई-1886) में कोई बदलाव नहीं होगा और इसका संचालन पहले की तरह मूल एयर इंडिया कंपनी ही करती रहेगी।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस इन रूटों पर अपने आधुनिक एयरबस ए320 नियो विमानों को तैनात करेगी। इस नए विंग और शेड्यूल के लागू होने के बाद यात्रियों को दिल्ली और मुंबई आने-जाने के लिए दिनभर में अलग-अलग समय के कई विकल्प मिल सकेंगे। एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि इस कदम से भोपाल की घरेलू हवाई कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूती मिलेगी।
टिकटों की बुकिंग की प्रक्रिया शुरू
यात्रियों की सुविधा के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इन सभी नई उड़ानों के लिए टिकटों की बुकिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यात्रा की योजना बनाने वाले लोग एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या उनके मोबाइल ऐप के माध्यम से आसानी से अपनी टिकट बुक कर सकते हैं।




