भोपाल। राजधानी में साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में सामने आए मामलों में एक सेवानिवृत्त आईबी अधिकारी, न्यायालय के पेशकार, कारोबारी समेत कई लोग लाखों रुपये की ठगी का शिकार हुए हैं।
कहीं फर्जी कस्टमर केयर नंबर ने चूना लगाया तो कहीं निवेश पर मोटे मुनाफे और शादी कार्ड के नाम पर मोबाइल हैक कर रकम पार कर दी गई।
कस्टमर केयर नंबर खोजते-खोजते साइबर ठगों के जाल में फंसे पूर्व आईबी अधिकारी
शाहपुरा स्थित रोहित नगर निवासी 79 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर, जो इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) में सहायक निदेशक पद से सेवानिवृत्त हैं, अपने घर में लगे कमोड की तकनीकी खराबी दूर कराने के लिए इंटरनेट पर सिम्पोलो कंपनी का हेल्पलाइन नंबर तलाश रहे थे।
सर्च के दौरान उन्हें एक फर्जी नंबर मिला। बातचीत के दौरान ठगों ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर तकनीकी सहायता देने का भरोसा दिलाया और ऑनलाइन प्रक्रिया के नाम पर उनके बैंक खाते से 1.31 लाख रुपये निकाल लिए। शाहपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसबीआई अधिकारी बनकर योनो ऐप के नाम पर उड़ाए 1.02 लाख रुपये
साकेत नगर निवासी महेश कुमार, जो न्यायालय में पेशकार के पद पर कार्यरत हैं, को एक व्यक्ति ने खुद को एसबीआई अधिकारी बताते हुए फोन किया।
आरोपी ने योनो ऐप संबंधी प्रक्रिया पूरी कराने का झांसा देकर बैंकिंग जानकारी हासिल की और उनके खाते से 1.02 लाख रुपये निकाल लिए। बागसेवनिया थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शेयर बाजार में मुनाफे का लालच, कारोबारी से पांच लाख रुपये ठगे
संत हिरदाराम नगर स्थित वन ट्री हिल्स कॉलोनी निवासी कारोबारी पंकज तेरयानी को यूके नंबर से एक लिंक भेजा गया। लिंक के जरिए निवेश करने पर शुरुआती लाभ दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग किश्तों में करीब पांच लाख रुपये जमा कर दिए।
जब रकम वापस नहीं मिली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शादी का कार्ड बना साइबर जाल, एक क्लिक में खाली हुआ खाता
मिसरोद के कृष्णपुरम निवासी आनंद शर्मा को एक अज्ञात नंबर से डिजिटल शादी कार्ड भेजा गया।
कार्ड खोलने के लिए जैसे ही उन्होंने फाइल पर क्लिक किया, उनके मोबाइल का कंट्रोल साइबर ठगों के पास पहुंच गया। इसके बाद ठगों ने उनके खाते से करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए।
साइबर पुलिस की सलाह
– किसी भी कंपनी का कस्टमर केयर नंबर केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही लें।
– एपीके फाइल, लिंक या अनजान स्रोत से आए शादी कार्ड डाउनलोड न करें।
– निवेश से पहले कंपनी और प्लेटफॉर्म की सत्यता जांचें।
– ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
– साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।




