प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में भीषण गर्मी, नर्मदापुरम समेत चार जिलों का 38 डिग्री पर पहुंचा तापमान …और पढ़ें

मध्य प्रदेश दो दिन और रहेगा गर्मी का असर
HighLights
- मध्य प्रदेश दो दिन और रहेगा गर्मी का असर
- नर्मदापुरम सबसे गर्म, लू और उमस ने बढ़ाई बेचैनी
- 29 मार्च से बारिश और गरज-चमक का अलर्ट
भोपाल। प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में बुधवार को भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन, रायसेन और रतलाम जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। इनमें नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा, जहां पारा 38.8 डिग्री तक पहुंच गया।
दिन के साथ-साथ गर्मी ने रात को भी नागरिकों को सताया, खासतौर पर नर्मदापुरम पर जहां दिन में भीषण गर्मी का नागरिकों ने सामना किया, वहीं रात को गर्म हवाओं की वजह से नागरिक उमस और बेचैन हुए।
दरअसल इधर रात का न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में बुधवार को गर्मी का असर ज्यादा रहा, जबकि पूर्वी इलाकों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहे और अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक ही सीमित रहा।
हालांकि आने वाले दो दिनों तक प्रदेश के मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा, लेकिन तीसरे दिन से उत्तरी मध्य प्रदेश में मौसम दोबारा करवट लेगा। मौसम विज्ञानी एचएस पांडे ने बताया कि गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं।
मौसम प्रणाली की बात करें तो एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है, जबकि एक अन्य विक्षोभ 28 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिसका असर प्रदेश में 29 मार्च तक देखने को मिल सकता है।




