एग्रसर इंडिया (AgrasarIndia) भोपाल डेस्क टीम
सागर जहरीली शराब कांड पर सियासत गरड़ाई: राहुल गांधी ने मोहन यादव सरकार को घेरा, बोले- “एमपी में दवा, पानी और शराब सब जहरीला”
भोपाल/सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ क्षेत्रों में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर गूंजने लगा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस दुखद घटना को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। सोशल मीडिया के जरिए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है।
मुख्य बिंदु (Highlights)
-
राहुल गांधी का तीखा हमला: राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा पीड़ित परिवारों से मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए कहा कि राज्य में हालात यह हैं कि अब “दवा, पानी और शराब—सब जहरीला” साबित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर बड़ी त्रासदी के बाद केवल छोटे कर्मचारियों या निचले स्तर के अधिकारियों पर गाज गिराकर खानापूर्ति कर रही है।
-
बड़े जिम्मेदारों पर जवाबदेही की मांग: नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केवल दिखावे की जांच और छोटी-मोटी गिरफ्तारियों से काम नहीं चलेगा। इस पूरे अवैध कारोबार में शामिल संरक्षण देने वाले बड़े चेहरों और भ्रष्ट प्रशासनिक तंत्र की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
-
प्रशासन का सख्त रुख और हेल्थ स्क्रीनिंग: दूसरी ओर, इस भयावह घटना के बाद सागर जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। कलेक्टर प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए गांव-गांव में संदिग्ध लक्षणों वाले लोगों की हेल्थ स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य अमला अलर्ट मोड पर
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, जहरीली शराब के दुष्प्रभाव आमतौर पर 24 से 36 घंटे के भीतर सामने आते हैं, इसलिए एहतियात के तौर पर जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी पीड़ित को तत्काल चिकित्सीय सहायता मिल सके।




