प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति नागरिकों को जागरूक करने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को राज्य स्तरीय ‘सेफ क…और पढ़ें

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव। फाइल फोटो।
HighLights
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के रविंद्र भवन से ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान का शुभारंभ करेंगे
- इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन के साथ साइबर सुरक्षा एवं बाल संरक्षण को लेकर एमओयू होगा
- साइबर जागरूकता रथ प्रदेशभर में भ्रमण कर नागरिकों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे
भोपाल। प्रदेश में नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को भोपाल के रविंद्र भवन में राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान सेफ क्लिक 2.0 का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव करेंगे।
इस अभियान का उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को साइबर ठगी तथा आनलाइन धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करना है, जिससे वे सुरक्षित साइबर व्यवहार अपना सकें।
इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन के साथ होगा एमओयू
कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा और बाल संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग को सुदृढ़ करने के लिए इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। साथ ही स्कूली बच्चों में डिजिटल सुरक्षा के प्रति समझ विकसित करने के उद्देश्य से तैयार की गई एक विशेष साइबर जागरूकता बुकलेट और सेफ क्लिक 2.0 अभियान के जागरूकता वीडियो का विमोचन भी किया जाएगा।
जिलों में जन-जागरूकता की गतिविधियों के संचालन के लिए साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यह रथ पूरे प्रदेश का भ्रमण कर नागरिकों तक सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और सतर्कता का संदेश पहुंचाएंगे।




