Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

पुराना ग्राहक बनकर बढ़ाई दोस्ती, फर्जी ट्रेडिंग ऐप में निवेश कराकर कारोबारी से 30 लाख की साइबर ठगी

 

ठगों ने पहले दोस्ती बढ़ाई, फिर ऊंचे मुनाफे का लालच देकर दो फर्जी निवेश प्लेटफार्म पर रकम लगवाई।

भोपाल में साइबर ठगी।

HighLights

  1. दो ऐप में डेढ़ करोड़ का फर्जी पोर्टफोलियो दिखाया।
  2. रकम निकालने पर 30 प्रतिशत टैक्स भी मांगा था।
  3. इसके बाद जाकर तब खुली साइबर ठगी की परत।

भोपाल। राजधानी के एक कारोबारी को पुराने ग्राहक का भरोसा जीतकर साइबर ठगों ने आनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 30 लाख रुपये की चपत लगा दी। ठगों ने पहले दोस्ती बढ़ाई, फिर ऊंचे मुनाफे का लालच देकर दो फर्जी निवेश प्लेटफार्म पर रकम लगवाई।

कुछ ही समय बाद ऐप पर निवेश बढ़कर करीब डेढ़ करोड़ रुपये दिखने लगा, लेकिन रकम निकालने की कोशिश करते ही 30 प्रतिशत टैक्स जमा करने की शर्त रख दी गई। संदेह होने पर कारोबारी ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद जीरो एफआईआर कोतवाली थाने भेजी गई।

 

जहां प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार यमुना काम्प्लेक्स, मारवाड़ी रोड निवासी 49 वर्षीय नितिन गर्ग शादी कार्ड का शोरूम संचालित करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले निशांत सिंह नाम के व्यक्ति ने उन्हें फोन किया। उसने खुद को चार वर्ष पहले कार्ड छपवाने वाला पुराना ग्राहक बताते हुए बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ा ली।

बाद में निशांत ने पीयू प्राइम कंपनी और पालीयस फाइनेंस पीएलसी नामक कंपनियों में Online ट्रेडिंग के जरिए भारी मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया। उसके झांसे में आकर नितिन ने अक्टूबर और नवंबर 2025 के दौरान अलग-अलग किश्तों में करीब 30 लाख रुपये निवेश कर दिए।

कुछ समय बाद दोनों ऐप पर निवेश की राशि बढ़कर करीब डेढ़ करोड़ रुपये दिखाई देने लगी, जिससे उन्हें भरोसा हो गया कि निवेश सफल रहा है। दिसंबर 2025 में जब उन्होंने अपनी राशि निकालने का प्रयास किया तो कंपनी के प्रतिनिधियों ने भुगतान से पहले कुल रकम का 30 प्रतिशत टैक्स अलग से जमा करने की मांग की।

पीड़ित ने कहा कि टैक्स निवेश की राशि में से काटकर शेष रकम लौटा दी जाए, लेकिन आरोपित लगातार अलग से भुगतान करने का दबाव बनाते रहे। इसी दौरान उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज करा दी।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply