Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

टीम से ड्रॉप करने की हो रही थी मांग, KKR को हारी हुई बाजी जिताने के बाद क्या बोले रिंकू सिंह?

 

आईपीएल में रिंकू सिंह ने करीब तीन साल बाद फिफ्टी लगाई है. रिंकू की यह पारी बेहद खास रही, क्योंकि उन्होंने अपनी दमदार बल्लेबाजी से अपनी टीम केकेआर को आईपीएल 2026 में पहली जीत दिलाई. रिंकू इस सीजन खराब फॉर्म से जूझ रहे थे. यहां तक उनको टीम से ड्रॉप करने की चर्चा होने लगी थी, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रिंकू का बल्ला जमकर गरजा. उन्होंने 34 गेंद में नाबाद 53 रनों की मैच विनिंग पारी खेली.

रिंकू सिंह ने अनुकूल रॉय के साथ मिलकर कोलकाता नाइट राइडर्स को लगभग हारा हुआ मैच जिताया. उन्होंने मैच के बाद कहा, “कभी-कभी ऐसा होता है, जब कुछ चीजें आपके हिसाब से नहीं होतीं तो आप वह जोश महसूस नहीं करते हैं. ऐसा नहीं था कि मैं अपने शॉट खेलने को लेकर हिचकिचा रहा था या मुझे कोई दुविधा थी. मेरी सोच यही थी कि खेल को आखिर तक ले जाऊं. कभी-कभी ऐसा ही होता है. दिमाग ठीक से काम नहीं करता और आप ऐसे शॉट्स खेल बैठते हैं. लेकिन शुक्र है कि किस्मत मेरे साथ थी और आखिरकार हम मैच जीत गए.”

बता दें कि रिंकू सिंह को इस मैच में एक जीवनदान भी मिला. नांद्रे बर्गर ने उनका आसान सा कैच छोड़ा, जब वह सिर्फ 10 के स्कोर पर थे. इसके बाद रिंकू ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने 34 गेंद में 53 रनों की पारी के दौरान 5 चौके और दो छक्के जड़े. रिंकू ने माना कि इस पारी का उन्हें लंबे समय से इंतजार था और यह उनके आत्मविश्वास के लिए बहुत जरूरी थी. उन्होंने कहा, “मैंने काफी पारियां खेली थीं और एक बड़ी पारी का इंतजार कर रहा था. यह मेरे लिए बहुत अच्छी पारी थी और मेरे आत्मविश्वास के लिए भी बहुत अहम थी.”

राजस्थान ने इस मैच में पहले खेलने के बाद सिर्फ 155 रन बनाए थे, लेकिन गेंदबाजों ने कहर बरपाया और कोलकाता के 14वें ओवर में 85 रनों पर 6 विकेट गिरा दिए थे. जरूरी रन रेट 12 का था. ऐसा लग रहा था कि अब मैच खत्म हो गया, लेकिन रिंकू सिंह (34 गेंद में नाबाद 53 रन) और अनुकूल रॉय (16 गेंद में नाबाद 29 रन) ने पासा पलट दिया और केकेआर को हारी हुई बाजी जिता दी.

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply