एग्रसर इंडिया (AgrasarIndia)
भोपाल / संस्कृति एवं पुरातत्व डेस्क
उज्जैन की ऐतिहासिक वैश्य टेकरी में 88 साल बाद फिर गूंजेगी खोदाई की आवाज: दिसंबर 2026 से शुरू होगा पुरातात्विक उत्खनन; सांची से भी बड़े बौद्ध स्तूप मिलने की उम्मीद
भोपाल: मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित ऐतिहासिक वैश्य टेकरी में लगभग 88 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर पुरातात्विक उत्खनन (Excavation) शुरू होने जा रहा है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के महानिदेशक ने इसके लिए औपचारिक अनुमति दे दी है और दिसंबर 2026 से खोदाई शुरू करने की तैयारियां जोरों पर हैं। इस महत्वपूर्ण परियोजना का जिम्मा भोपाल सर्किल के अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. शिवाकांत वाजपेयी को सौंपा गया है। राज्य सरकार की योजना इस स्थल को एक प्रमुख बौद्ध विरासत केंद्र ‘बुद्ध लोक’ के रूप में विकसित करने की है।
प्रमुख बिंदु (Highlights)
-
1938 में क्यों रुक गई थी खोदाई: वैश्य टेकरी पर इतिहास में पहली बार वर्ष 1938 में खोदाई की गई थी, लेकिन उस दौरान अचानक जहरीली गैस निकलने और कुछ मजदूरों के बेहोश होने के कारण काम बीच में ही रोकना पड़ा था। अब आधुनिक तकनीक और सुरक्षा उपायों के साथ इसे दोबारा शुरू किया जा रहा है।
-
सांची के स्तूप से भी बड़ा आकार: मौर्य काल में सम्राट अशोक (268 से 232 ईसा पूर्व) के शासनकाल में निर्मित वैश्य टेकरी को लेकर यह संभावना जताई जा रही है कि यहां सांची के प्रसिद्ध स्तूप से भी बड़ा बौद्ध स्तूप मौजूद है। 1938-39 की उत्खनन रिपोर्ट के अनुसार, इसके आधार का व्यास करीब 350 फीट और ऊंचाई कम से कम 100 फीट आंकी गई थी, जबकि सांची के मुख्य स्तूप का व्यास लगभग 120 फीट और ऊंचाई 54 फीट है। इसके पास दो छोटे स्तूपों के अवशेष भी मिले थे।
-
42 मानव कंकालों का अनसुलझा रहस्य: पहली खोदाई के दौरान वैश्य टेकरी के आसपास 42 मानव कंकाल (बच्चों और वयस्कों के) मिले थे, जिनमें कुछ दफनाने और कुछ दाह संस्कार के प्रमाण थे। इन कंकालों का रहस्य अब तक पूरी तरह नहीं सुलझ पाया है, जिसके नए उत्खनन से सामने आने की उम्मीद है।
-
मैनिट (MANIT) की ली गई मदद: एएसआई भोपाल सर्किल ने मध्य प्रदेश पुरातत्व विभाग के सहयोग से मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के जरिए ‘ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार’ तकनीक से टेकरी के भीतर की स्थिति का अध्ययन कराया है, जिसकी रिपोर्ट जल्द आने वाली है।




