सहारनपुर। भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को गुरुवार शाम चार बजे मेरठ के आनंद अस्पताल से छुट्टी मिल गई। वह समर्थकों सहित जंतर मंतर पर पहुंच गए हैं। इससे पहले चंद्रशेखर ने कहा कि दिल्ली में जंतर-मंतर पर शुक्रवार को होने वाली बहुजन हुंकार रैली में वह हर हाल में शामिल होंगे।
देवबंद में मंगलवार को पुलिस ने बहुजन हुंकार यात्रा को आचार संहिता के उल्लंघन में रोकते हुए भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को हिरासत में ले लिया था। ब्लड प्रेशर की दिक्कत के चलते उनका उपचार मेरठ के आनंद अस्पताल में चल रहा था। एक दिन पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, ज्योतिरादित्य सिंधिया और राजबब्बर भी चंद्रशेखर से मिलने हॉस्पिटल पहुंचे थे।
गुरुवार शाम चार बजे चंद्रशेखर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके तुरंत बाद वह समर्थकों सहित दिल्ली रवाना हो गए। मेरठ से करीब चार-पांच गाड़ियों में उनके समर्थक भी साथ गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस भी साथ है। सहारनपुर प्रशासन रैली के लिए दिल्ली जा रहे युवाओं को रोकने में असफल रहा ।