Latest News Sports

इंग्लैंड ने ओवल टेस्ट के लिए बदली टीम, 31 साल के पेसर को बुलाया, धोनी के साथ खेल चुका…

England squad for fifth test: इंग्लैंड ने चौथे टेस्ट मैच में जीती बाजी हाथ से निकलने के बाद अपनी टीम बदल दी है. इंग्लैंड ने पांचवें टेस्ट मैच के लिए जैमी ओवरटन को टीम में वापस बुलाया है.

इंग्लैंड ने ओवल टेस्ट के लिए बदली टीम, 31 साल के पेसर को बुलायाभारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे के साथ इंग्लैंड के पेसर जैमी ओवरटन.

हाइलाइट्स

  • इंग्लैंड ने पांचवें टेस्ट के लिए अपनी टीम बदली.
  • 31 साल के जैमी ओवरटन को टीम में शामिल किया गया.
  • 31 जुलाई से खेला जाना है भारत-इंग्लैंड पांचवां टेस्ट.

नई दिल्ली. इंग्लैंड ने चौथे टेस्ट मैच में जीती बाजी हाथ से निकलने के बाद अपनी टीम बदलने का निर्णय लिया है. इंग्लैंड के चयनकर्ताओं ने भारत के खिलाफ पांचवें टेस्ट के लिए जैमी ओवरटन को टीम में वापस बुलाया है. 31 साल के ओवरटन ने पिछले हफ्ते काउंटी चैंपियनशिप में सरे के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था. उन्हें इसी का इनाम मिला है. ओवरटन के पास 2022 के बाद पहला टेस्ट मैच खेलने का मौका होगा. जैमी ओवरटन आईपीएल में एमएस धोनी की टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेल चुके हैं. भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट 31 जुलाई से ओवल में खेला जाएगा.

भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट में इंग्लैंड के गेंदबाजों ने दो पारियों में 257.1 ओवर फेंके थे. कप्तान बेन स्टोक्स ने मैच के बाद माना था कि टीम में ताजगी की जरूरत हो सकती है. बेन स्टोक्स ने कहा, ‘अगर आप देखेंगे कि हम कितने समय से मैदान में हैं और गेंदबाजी यूनिट के रूप में कितने ओवर फेंके हैं तो हर कोई काफी थका हुआ है. जब हम सीरीज के आखिरी मैच में जाएंगे तो हर कोई थका हुआ है. इसलिए हर किसी का आकलन किया जाएगा. उम्मीद है कि हम अगले दो-तीन दिन के आराम के बाद सब सही हो जाएगा. इसके बाद सही निर्णय लेना होगा.’

गंभीर को शांत रहने की जरूरत, मांजरेकर ने कुरेदा भारतीय कोच का जख्म, न्यूजीलैंड से मिली हार याद दिलाई

इंग्लैंड ने अब तक के चार टेस्ट में ज्यादातर वही गेंदबाजी आक्रमण रखा है. जोफ्रा आर्चर ने दो मैचों के बाद जोश टंग की जगह ली और चोटिल शोएब बशीर की जगह लियाम डॉसन को शामिल किया गया. लेकिन क्रिस वोक्स, ब्राइडन कार्स और स्टोक्स ने सीरीज के चारों टेस्ट मैच खेले हैं. क्रिस वोक्स ने दोनों टीमों में सबसे ज्यादा ओवर (167) फेंके हैं. ब्राइडन कार्स (155) और स्टोक्स (140) भी पीछे नहीं हैं. आर्चर ने चार साल के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी की है. इसलिए इंग्लैंड उनके वर्कलोड को लेकर चिंतित है.

इंग्लैंड ने गस एटकिंसन को चौथे टेस्ट मैच से पहले ही टीम में शामिल कर लिया था. अब टीम में जैमी ओवरटन भी आ गए हैं. माना जा रहा है कि इनमें से कोई एक क्रिस वोक्स की जगह प्लेइंग इलेवन में आ सकता है. टंग भी वापसी की राह देख रहे हैं. बेन स्टोक्स ने कहा, ‘ये रिकवरी के दिन काफी महत्वपूर्ण होंगे और हमें कुछ ताजगी लाने के लिए कुछ निर्णय लेने पड़ सकते हैं. लेकिन यह निर्णय तब तक तय नहीं लिया जाएगा, जब तक हम आखिरी मैच के करीब नहीं पहुंचते.’

पांचवें टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, हैरी ब्रूक, ओली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ, ब्राइडन कार्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, क्रिस वोक्स, लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन, जैकब बेथेल, जोश टंग.

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply