Bhopal Crime: भोपाल के शाहजहांनाबाद क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी से तलाक लेने के लिए क्रूरता की सारी हदें पार …और पढ़ें

भोपाल में तीन बच्चों की मां पर तलाक का दबाव। (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
- भोपाल में तीन बच्चों की मां पर तलाक का दबाव
- इनकार करने पर पति ने किन्नरों से कराई अभद्रता
- छेड़छाड़ और हंगामे के बाद 10 लोगों पर FIR दर्ज
भोपाल। भोपाल के शाहजहांनाबाद क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी से तलाक लेने के लिए क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। पत्नी द्वारा तलाक देने से इनकार करने पर आरोपी पति अपने साथ किन्नरों को लेकर ससुराल पहुंच गया और वहां जमकर हंगामा किया।
दहेज प्रताड़ना और तलाक का दबाव
जानकारी के अनुसार, बुधवारा निवासी एक व्यापारी युवक की शादी चार साल पहले शाहजहांनाबाद की युवती से हुई थी। उनके तीन बच्चे भी हैं। पीड़िता का आरोप है कि पिछले एक साल से उसका पति दहेज की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। ससुराल की प्रताड़ना से तंग आकर महिला अपने मायके में रहने लगी थी। इसके बाद से ही उसका पति उस पर तलाक देने का दबाव बना रहा था, जिससे महिला ने साफ इनकार कर दिया था।
किन्नरों के साथ ससुराल में धावा और अभद्रता
तलाक के लिए इनकार सुनने के बाद आगबबूला पति दो दिन पहले अपने दो भाइयों और तीन किन्नरों के साथ पत्नी के मायके जा पहुंचा। वहां आरोपियों ने महिला और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज और झगड़ा शुरू कर दिया। इसी दौरान, पति के साथ आए किन्नरों ने न केवल महिला को धमकाया, बल्कि उसके साथ छेड़छाड़ और अभद्रता भी की। इस अचानक हुए हमले और अपमानजनक व्यवहार से पीड़िता का परिवार सहम गया।
10 लोगों पर केस दर्ज
घटना के बाद पीड़िता ने शाहजहांनाबाद थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पति, उसके भाइयों, ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों और तीनों किन्नरों सहित कुल 10 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।




