इस घटना से ठीक चार दिन पहले आरोपी ने प्रेमिका से भी मारपीट की थी। इस घटना की शिकायत छोला थाना पुलिस तक पहुंची थी, लेकिन आरोप है कि उस समय कोई ठोस कार् …और पढ़ें

पुलिसकर्मी के घर में लूट करने वाला आरोपी है बदमाश (एआई तस्वीर)
HighLights
- पुलिसकर्मी के घर में लूट करने वाला आरोपी है बदमाश
- चार दिन पहले उसने प्रेमिका से की थी मारपीट
- उसके खिलाफ कोई गंभीर प्रकरण दर्ज नहीं है
भोपाल। निशातपुरा क्षेत्र में पुलिसकर्मी के घर में वृद्ध मां पर जानलेवा हमला कर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला आरोपित कोई सामान्य मजदूर नहीं बल्कि एक शातिर और सक्रिय बदमाश है, जो कोहेफिजा क्षेत्र में आधा दर्जन वारदातें कर चुका था। हालांकि उसके खिलाफ कोई गंभीर प्रकरण दर्ज नहीं है और सभी मामलों में उसके वारंट तामील किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद थाना स्तर पर उसकी निगरानी की कोई व्यवस्था ही नहीं थी।
घटना से ठीक चार दिन पहले उसने प्रेमिका से भी मारपीट की थी। इस घटना की शिकायत छोला थाना पुलिस तक पहुंची थी, लेकिन आरोप है कि उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यदि उस शिकायत पर समय रहते सख्ती दिखाई जाती, तो संभवतः यह बड़ी वारदात टाली जा सकती थी। अब पुलिसकर्मी के घर हुई लूट और जानलेवा हमले की गंभीर वारदात के बाद पुलिस की इस सुस्त और लापरवाह कार्यशैली पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
पहली पत्नी से अलग होकर महिला मित्र के साथ रहता था
आरोपित मांगीलाल मूलत: कुरावर का रहने वाला है। लंबे समय तक वह लालघाटी क्षेत्र स्थित सिंगार चोली ब्रिज के आसपास रहकर प्राईवेट काम करता था। पहली पत्नी से उसका पूर्व में झगड़ा हो गया था, जिसके बाद वह छोड़कर चली गई थी। फिलहाल वह एक अन्य महिला मित्र के साथ रहता था। उससे भी मांगीलाल अक्सर मारपीट करता था। पुलिस को उसके विरुद्ध मारपीट समेत छह आपराधिक केस मिले हैं।
पुलिस टीमें सर्चिंग में जुटीं, दूसरे राज्य भी रवाना
मांगीलाल उर्फ मंगल अहिरवार की गिरफ्तारी के लिए निशातपुरा पुलिस ने सघन तलाश अभियान शुरू कर दिया है। जोन-4 पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जबकि कुछ टीमों को दूसरे राज्यों में भी रवाना किया गया है। आरोपित वारदात के बाद से फरार है और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह है लूट की जानलेवा घटना
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे आरोपित मांगीलाल उर्फ मंगल अहिरवार निशातपुरा इलाके के नटखट चौक स्थित राजीव नगर में डिस्कवरी स्कूल में निर्माण कार्य करने पहुंचा था। यहां वह पड़ोस में रहने वाले पुलिसकर्मी काशीनाथ उर्फ अमन मिश्रा के घर गिट्टी मांगने के बहाने घुसा। उस समय घर में उनकी 68 वर्षीय मां शैल कुमारी मिश्रा अकेली थीं, क्योंकि उनका बेटा चुनावी ड्यूटी के लिए पश्चिम बंगाल गया हुआ था। घर में घुसते ही आरोपित ने महिला से अलमारी की चाबी और गहने देने को कहा।
विरोध करने पर उसने ईंटनुमा पेवर ब्लाक से उनके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद महिला गिर पड़ीं, जिसके बाद आरोपित उनके गले से सोने की चेन और कानों से झुमके नोचकर फरार हो गया। घटना के कुछ देर बाद दूध बांटने वाला व्यक्ति घर पहुंचा और महिला को बेहोशी की हालत में देखकर पड़ोसियों को सूचना दी। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।




